Mirzapur Crime: आधी रात खुली मां की आंख, बिस्तर से गायब थी बेटी; सुबह सामने आया खौफनाक सच

मिर्जापुर के बसारी गांव में 15 वर्षीय किशोरी की गला दबाकर हत्या कर शव सूखे नाले के पास फेंक दिया गया। रात में घर से गायब हुई किशोरी का शव सुबह मिला। परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 May 2026, 1:49 PM IST

Mirzapur: मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव में 15 वर्षीय किशोरी की गला दबाकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह किशोरी का शव घर से करीब 200 मीटर दूर सूखे नाले के पास मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रात में अचानक लापता हुई थी किशोरी

जानकारी के अनुसार बसारी गांव निवासी मोहन बिंद आर्केस्ट्रा संचालक हैं और कार्यक्रम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी कविता मौजूद थीं। शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे मां-बेटी खाना खाने के बाद सो गईं। रात करीब एक बजे जब मां की आंख खुली तो कविता कमरे में नहीं थी। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह सूखे नाले के पास मिला शव

रविवार सुबह गांव के प्रधान दीपक कुमार ने घर से कुछ दूरी पर सूखे नाले के पास एक किशोरी का शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कविता के रूप में की। शव के गले और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में डर का माहौल बन गया।

युवक पर हत्या का आरोप

परिजनों ने सुखनई गांव निवासी साजन उर्फ राजन पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि आरोपी युवक कविता से फोन पर बातचीत करता था। कुछ दिन पहले वह बिना बुलाए रिश्तेदारी में भी पहुंच गया था, जिसका परिवार ने विरोध किया था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद और रंजिश के चलते युवक ने किशोरी की हत्या कर शव को खेत के पास फेंक दिया।

UP Codeine Cough Syrup Case: यूपी से कैसे फैला करोड़ों का काला कारोबार? UP STF ने खोला कोडीन कफ सिरप कांड का राज

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। Aparna Rajat Kaushik ने मौके का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Location :  Mirzapur

Published :  24 May 2026, 1:49 PM IST