Sonbhadra: कुएं से मिली विवाहिता की लाश, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

सोनभद्र के करकच्छी गांव में कुएं से विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पति इसे हादसा बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 April 2026, 5:44 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र जिले के बभनी अंतर्गत करकच्छी गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव कुएं में मिला। मृतका की पहचान 23 वर्षीय सखीना पत्नी विशाल के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मायके वालों ने उठाए सवाल

मृतका के पति विशाल ने पुलिस को बताया कि सखीना पानी भरने के लिए कुएं पर गई थी और इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। लेकिन इस कहानी पर मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिता गुड्डू का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और बाद में शव को कुएं में फेंक दिया गया।

सोनभद्र में डीएम बीएन सिंह ने एसीसी सीमेंट यूनिट का लिया जायजा, अफसरों में मची हलचल

सुबह के फोन कॉल से बढ़ा शक

गुड्डू के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे दामाद विशाल का फोन आया था, जिसमें उसने बताया कि उनकी बेटी झगड़ा कर रही है। जब उन्होंने बेटी से बात कराने को कहा तो फोन काट दिया गया। इसके बाद करीब 10:30 बजे परिवार को सूचना मिली कि उनकी बेटी कुएं में गिर गई है और उसकी मौत हो चुकी है। इस पूरे घटनाक्रम ने परिवार के शक को और गहरा कर दिया है।

शरीर पर चोट के निशान

जब मृतका के पिता मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि शव को कुएं से बाहर निकाला जा चुका था। उनके मुताबिक, सखीना के गले, चेहरे और माथे पर चोट के निशान थे। परिजनों का कहना है कि अगर यह सिर्फ गिरने का मामला होता, तो इस तरह के निशान नहीं होते। इसी आधार पर उन्होंने साफ तौर पर हत्या का आरोप लगाया है।

सोनभद्र: घर से निकली युवती, सुबह कमरे में मिला ऐसा मंजर कि उड़ गए होश

पुलिस ने शुरू की जांच

मौके पर पहुंचे सब-इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Location :  Sonbhadra

Published :  10 April 2026, 5:44 PM IST