
ट्विशा शर्मा केस में बड़ा मोड़!
Bhopal: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। दिल्ली एम्स से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम पूरा कर लिया है। यह प्रक्रिया करीब चार घंटे तक चली, जिसके बाद मेडिकल टीम वापस लौट गई। अब पूरे मामले में सबसे ज्यादा नजर दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, क्योंकि माना जा रहा है कि इससे मौत से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिल सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम रविवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ था। मेडिकल बोर्ड ने विस्तृत जांच की और कई पहलुओं को बारीकी से देखा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया दोपहर बाद जाकर पूरी हुई। एम्स की विशेषज्ञ टीम ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की। इस दौरान फॉरेंसिक और मेडिकल प्रक्रिया को लेकर विशेष सावधानी बरती गई। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
दूसरे पोस्टमार्टम के बाद अब ट्विशा शर्मा के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परिवार और करीबी रिश्तेदार अंतिम संस्कार की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार ट्विशा का अंतिम संस्कार रविवार शाम भोपाल के भदभदा विश्राम घाट में किया जाएगा। घर में गम का माहौल है और परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच सामने आएगा।
ट्विशा केस: पति सरेंडर, कोर्ट सख्त, CBI एंट्री… जानें 10 दिनों में कैसे पलटती गई पूरी कहानी?
ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने पहले पोस्टमार्टम को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उनका आरोप था कि पहली जांच में कई जरूरी पहलुओं की ठीक से पड़ताल नहीं की गई। उन्होंने शनिवार को दिल्ली एम्स द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। परिवार ने फॉरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल जांच को भी प्रक्रिया में शामिल करने की अपील की थी। परिवार का कहना था कि उनका मकसद किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि अपनी चिंताओं को सामने रखना है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
इस पूरे मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह पहले से ही पुलिस की गिरफ्त में है। उसे घटना के करीब 12 दिन बाद गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है और मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी लगातार उससे पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को पूछताछ में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह कई अहम सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा और जांच में पूरी तरह सहयोग भी नहीं कर रहा है।
‘शव जल्द ले जाएं…’ पुलिस के पत्र से भड़का विवाद, ट्विशा मौत केस ने लिया नया मोड़
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल जांच और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ट्विशा शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे असली वजह क्या थी। माना जा रहा है कि दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच को नई दिशा मिल सकती है। वहीं इस हाई प्रोफाइल केस में आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना भी जताई जा रही है।
Location : Bhopal
Published : 24 May 2026, 5:07 PM IST