देवरिया पुलिस के ‘ऑपरेशन मिडनाइट’ में बड़ा खुलासा, मुखबिर की एक कॉल ने कैसे पकड़वाया शातिर सद्दाम?

देवरिया के खुखुन्दू थाना क्षेत्र में झपट्टामारी की घटना में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 August 2026, 7:28 PM IST

Deoria: देवरिया जिले की खुखुन्दू थाना पुलिस ने झपट्टामारी के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सद्दाम शाह (24) पुत्र बाबूलाल शाह निवासी मोहन मुंडेरा, थाना खुखुन्दू के रूप में हुई है। उसे 2 अगस्त 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर मुसैला तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

यहां भी पढ़ें: Deoria News: बिहार में शराबबंदी के बीच तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस ने दबोचा 19 साल का तस्कर

महिला के गले से छीना गया था लॉकेट

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को तिलौली उर्फ डेहरी निवासी विशाल कुमार ने खुखुन्दू थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी माता के गले से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने का लॉकेट छीन लिया था। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान इस घटना में शामिल मुसाफिर शाह और कलीम शेख को पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी सद्दाम शाह की तलाश तेज कर दी गई थी। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

आयुध अधिनियम की धारा भी बढ़ाई गई

सद्दाम शाह के कब्जे से अवैध हथियार मिलने के बाद पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 भी जोड़ दी है। आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाया गया था और क्या उसका इस्तेमाल अन्य घटनाओं में भी हुआ है।

यहां भी पढ़ें: Deoria: अंधेरी रात में टैंकर से निकल रहा था काला धन… जब पुलिस की टार्च पड़ी तो उड़ गए होश

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में खुखुन्दू थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  3 August 2026, 7:28 PM IST