कार के उड़े परखच्चे, मौके पर ही टूटी सांसें; मैनपुरी में DCM से टकराई कार

मैनपुरी के घिरोर बाइपास पर कार और डीसीएम की भीषण भिड़ंत में 30 वर्षीय युवा अधिवक्ता राहुल चौहान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वह शिकोहाबाद से घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 July 2026, 12:22 PM IST

Mainpuri: जनपद के घिरोर थाना क्षेत्र स्थित घिरोर बाइपास पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

कार की DCM से जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल चौहान (30 वर्ष) पुत्र हरिभान सिंह, निवासी ग्राम विनायकपुर, थाना कुर्रा के रूप में हुई है। बताया गया कि राहुल चौहान पेशे से अधिवक्ता थे और किसी कार्य से शिकोहाबाद गए थे। वहां से कार द्वारा अपने घर लौटते समय घिरोर बाइपास पर उनकी कार की सामने से आ रही डीसीएम से जोरदार भिड़ंत हो गई।

ये भी पढ़ें - Mainpuri News: जौहर यूनिवर्सिटी पर एक्शन से सियासी संग्राम! सपा ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

युवक की मौके पर मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और राहुल चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद घिरोर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

क्षेत्र में शोक की लहर

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और परिचित घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंच गए। युवा अधिवक्ता की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।

ये भी पढ़ें - Mainpuri: छात्रों पर बर्बरता से गरमाई मैनपुरी की राजनीति; DM दफ्तर में सौंपा ज्ञापन, जानिए छात्रों के समर्थन में क्यों उतरे किसान

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। डीसीएम चालक और वाहन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Mainpuri

Published :  29 July 2026, 12:22 PM IST