मैनपुरी में झगड़े के बीच चली गोली, सीने को छूते हुए निकल गई बुलेट! युवक की हालत गंभीर

मैनपुरी में देर रात हुए एक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब गली में झगड़े के बीच गोली चल गई। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी और युवक को गंभीर हालत में अस्पताल भेजना पड़ा। आखिर कैसे मामूली कहासुनी इतनी बड़ी वारदात में बदल गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 June 2026, 3:47 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी जिले के थाना बेवर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक मामूली कहासुनी ने खतरनाक रूप ले लिया। कस्बा बेवर के मोहल्ला काजीटोला में मारपीट के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया है।

कहासुनी से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय सचिन पुत्र विजयपाल बुधवार रात मोहल्ले की 18 फुट खड़ंजा गली में मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। इसी दौरान अचानक फायरिंग हो गई और एक गोली सचिन के सीने के पास लग गई।

370 रुपये की बिरयानी विवाद: सोशल मीडिया से नौकरी तक कैसे पहुंचा यह बवाल? पूरी कहानी

गोली सीने को छूकर निकली

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोली सचिन के सीने को छूते हुए निकल गई, लेकिन इसके बावजूद वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल मैनपुरी रेफर कर दिया। बाद में स्थिति और नाजुक होने पर उसे आगरा भेज दिया गया।

घटना के बाद इलाके में फैली दहशत

गोली चलने की इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही थाना बेवर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।

चंदौली में भीषण हादसा, ट्रक के पहिए से कुचली महिला की दर्दनाक मौत, इलाके में हड़कंप

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि फायरिंग किसने और क्यों की, इसकी जांच की जा रही है। एसपी सिटी मैनपुरी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घायल युवक का उपचार चल रहा है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।

घटना के बाद से मोहल्ला काजीटोला में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात रखा गया है ताकि कोई नई घटना न हो सके।

Location :  Mainpuri

Published :  11 June 2026, 3:47 PM IST