जमीन के लिए पिता की जान लेने का आरोप, मौत के बाद फंदे पर लटकाया शव! महोबा में बेटे-बहू पर केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के महोबा में जमीन के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बुजुर्ग की मौत तक पहुंच गया। आरोप है कि असगर अली ने जमीन का बैनामा करने से इनकार किया, जिसके बाद उनके छोटे बेटे और बहू ने उनके साथ मारपीट की।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 October 2026, 2:14 PM IST

Mahoba: उत्तर प्रदेश के महोबा में जमीन के विवाद ने एक परिवार को हिला दिया। आरोप है कि बैनामा कराने से इनकार करने पर बेटे ने पत्नी के साथ मिलकर अपने 70 वर्षीय पिता की पिटाई की। बुजुर्ग की मौत के बाद घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने दंपति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जमीन के बैनामे को लेकर शुरू हुआ विवाद

मामला महोबकंठ थाना क्षेत्र के कनकुआं गांव का है। यहां 70 वर्षीय असगर अली की मौत के बाद उनके परिवार में जमीन को लेकर चल रहा विवाद चर्चा में आ गया। मृतक के बेटे रमजान की शिकायत के मुताबिक, असगर अली ने छह बीघा जमीन अपने बड़े बेटे रमजान और पौत्र गुलफान के नाम कर दी थी। इस फैसले को लेकर छोटे बेटे शाकिर और उसकी पत्नी शकीना से विवाद होने की बात कही गई है।

परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बुधवार को शाकिर अपने पिता को बाइक से तहसील ले गया था। वहां उसने बची हुई जमीन का बैनामा कराने की कोशिश की, लेकिन असगर अली ने जमीन उसके नाम करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात पर विवाद बढ़ गया और शाकिर अपने पिता को घर वापस ले आया।

ये भी पढ़ें- Bulandshahr: जिन्हें अपना समझा, उन्हीं ने दिया धोखा! गैंगरेप के बाद नहर में फेंकी गई किशोरी ने ऐसे बचाई जान

रातभर पिटाई का आरोप

रमजान ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शाकिर ने घर पहुंचने के बाद अपनी पत्नी शकीना के साथ मिलकर पिता की पिटाई की। शिकायत के मुताबिक, रात में भी बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण असगर अली की मौत हो गई। आरोप है कि उनकी मौत के बाद शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या जैसी लगे। जब लोगों को इस घटना की जानकारी मिली, तो मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपों के आधार पर दंपति को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के मुताबिक, रमजान की तहरीर पर शाकिर और उसकी पत्नी शकीना के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।

ये भी पढ़ें- चोरी के बाद सीनाजोरी: iPhone चुराकर पीड़िता को भेजा मैसेज, मांगा पासकोड, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

पहले भी विवाद होने की बात आई सामने

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, शाकिर और उसके पिता के बीच जमीन को लेकर पहले भी तनाव था। आरोप है कि शाकिर इससे पहले भी अपने पिता पर हमला कर चुका था। परिवार की शिकायत में यह भी कहा गया कि इसी तरह के विवादों के कारण असगर अली ने बची हुई जमीन उसके नाम नहीं की थी।

Location :  Mahoba

Published :  9 October 2026, 2:14 PM IST