
निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से 3 किशोरों की मौत (Img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। चार दोस्त नहाने के लिए पोखरे में गए थे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से तीन किशोर डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तथा गोताखोरों की मदद से बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पोखरा टोला निवासी चार बच्चे—राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन तथा कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार—निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में डूब गए। उनके साथ मौजूद राजबीर ने घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी।
Maharajganj: नौतनवा में अवैध गोदाम पर छापा, यूरिया खाद समेत फ्लेवर्ड हुक्का और कपड़ा जब्त
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस, स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीनों किशोरों को पोखरे से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीन किशोरों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग और ग्रामीण परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मौके पर स्थिति सामान्य है और पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 2 August 2026, 5:05 PM IST
Topics : Construction Pond Accident Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Police Investigation Pond Drowning Three Children Died