Maharajganj News: पोखरे में डूबे बच्चों के घर पहुंचे DM-SP, 4 लाख सहायता का ऐलान

महराजगंज के सिसवा क्षेत्र में निर्माणाधीन पोखरे में डूबकर तीन किशोरों की मौत के बाद डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी। डीएम ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 August 2026, 6:39 PM IST

Maharajganj: कोठीभार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-25 मीराबाई नगर स्थित पोखरा टोला में निर्माणाधीन पोखरे में डूबकर तीन किशोरों की मौत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तथा बाद में मृतक बच्चों के घर जाकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

मृतक बच्चों के परिजनों को आर्थिक सहायता

इस दौरान डाइनामाइट न्यूज से बातचीत में जिलाधिकारी ने बड़ी घोषणा करते हुए तीनों मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: पानी नहीं, काल था वो! खेलते-खेलते पोखरे में समाए 3 किशोर, एक साथ उठी तीन अर्थियां तो रो पड़ा पूरा गांव

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि रविवार को पोखरा टोला निवासी राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन और कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद राजबीर ने दौड़कर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: वन विभाग ने बिछाया जाल, फरेंदा में ऐसे पकड़ा गया लकड़ी तस्करी का नेटवर्क

गांव में पसरा मातम 

पुलिस ने तीनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से निर्माणाधीन और गहरे जलाशयों के आसपास बच्चों को अकेले न जाने देने की अपील की है। वहीं पुलिस के अनुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  2 August 2026, 5:50 PM IST