
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: Pinterest)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सोनौली थाना क्षेत्र के जारा गांव स्थित ननिहाल में लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली लगने से घायल एसएसबी जवान के किशोर बेटे सहजाद की गुरुवार शाम मौत हो गई। पेट में गोली लगने के बाद उसे गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चला, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। किशोर की मौत के बाद पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परसामलिक थाना क्षेत्र के मर्यादपुर गांव निवासी मकबूल बलरामपुर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह करीब 15 दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। 23 नवंबर की शाम वह अपनी पत्नी और बेटे सहजाद के साथ सोनौली थाना क्षेत्र के जारा गांव स्थित अपनी ससुराल पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि मकबूल के पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जो लोड अवस्था में रखी हुई थी। इसी दौरान उनका बेटा सहजाद पिस्टल उठाकर उससे छेड़छाड़ करने लगा। इस बीच अचानक गोली चल गई और किशोर के पेट में जा लगी। गोली लगते ही परिवार के लोग उसे आनन-फानन में लेकर गोरखपुर पहुंचे, जहां उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से ही सहजाद का उपचार बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में चल रहा था। उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सक लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे, लेकिन उपचार के दौरान गुरुवार शाम उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई थी। बाद में मेडिकल कॉलेज से गनशाट इंजरी की सूचना गुलरिहा थाने को मिली। वहां से मंगलवार शाम करीब सात बजे सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
गोली लगने के बाद से ही सहजाद ट्रामा सेंटर के आईसीयू में भर्ती था। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा था। परिवार को उसके ठीक होने की उम्मीद थी, लेकिन गुरुवार शाम उसकी मौत हो गई। किशोर की मृत्यु के बाद घटना को लेकर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इससे जुड़े सभी पहलू क्या हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
सहजाद कक्षा आठ का छात्र था। घटना के बाद उसके पिता मकबूल के बाएं हाथ में भी पट्टी बंधी होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि उनके हाथ में चोट कैसे लगी और यह चोट किन परिस्थितियों में आई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: महराजगंज में तेंदुए का खौफ! मिठौरा में लगातार चौथे दिन हमला, बकरी का किया शिकार
सोनौली थानाध्यक्ष विशाल शुक्ला ने किशोर की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सहजाद की मौत के बाद परिवार में दुख का माहौल है। वहीं, पुलिस की जांच में घटना के दौरान पिस्टल से गोली चलने की परिस्थितियों और अन्य संबंधित पहलुओं को स्पष्ट किया जाना बाकी है।
Location : Maharajganj
Published : 27 November 2026, 2:09 PM IST
Topics : Accidental Firing Investigation crime news Licensed Pistol Firing Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) SSB Jawan Son Death