
थाई महिला के पास मिले भारतीय दस्तावेज (Img: Dynamite News)
Maharajganj: भारत-नेपाल सीमा के सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पर जांच के दौरान एक थाई महिला के पास भारतीय पहचान पत्रों की डिजिटल प्रतियां मिलने से हड़कंप मच गया। महिला के मोबाइल में वोटर आईडी, आधार कार्ड और पैन कार्ड की डिजिटल प्रतियां मिलीं, जिनमें उसका नाम बदलकर करुणारूपाणि देवीदासी प्रदर्शित किया गया था।
इमिग्रेशन कार्यालय में तैनात काउंटर ऑफिसर के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को थाई नागरिक चोन छुटिचिराफट इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कराने के लिए काउंटर पर पहुंचीं। जांच के दौरान उनका पासपोर्ट और टूरिस्ट वीजा वैध पाया गया, लेकिन मोबाइल की जांच में भारतीय अभिलेखों की डिजिटल प्रतियां सामने आईं।
ये भी पढ़ें- Mainpuri News: 112 पर पहुंची पुलिस तो शांत हुआ विवाद, रात में फिर घर में घुसे आरोपी… CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पुलिस के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर अपना नाम बदलकर भारतीय वोटर आईडी, आधार और पैन कार्ड बनवाया था। मामले में काउंटर ऑफिसर की तहरीर पर थाना सोनौली में मु0अ0सं0 77/2026 के तहत धारा 318(2), 336(3), 338 और 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा अग्रेतर विधिक कार्रवाई करते हुए महिला को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य जांच एजेंसियां भी महिला से पूछताछ कर रही हैं। अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने बताया कि प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य एजेंसियों द्वारा भी पूछताछ की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 18 August 2026, 3:27 PM IST