
घर में बिखरा पड़ा सामान (Img: Dynamite News)
Mahararajganj: भिटौली थाना क्षेत्र के शिकारपुर गांव में शादी की खुशियों के बीच उस समय मातम जैसा माहौल हो गया, जब चोरों ने एक शिक्षक के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घर में शादी की तैयारियों के लिए पहले से जुटाकर रखे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य जरूरी सामान चोरी होने से परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
चोरी गए सामान की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शिकारपुर निवासी छोटे पाण्डेय के पुत्र विवेक पाण्डेय पेशे से शिक्षक हैं। परिवार में जल्द ही शादी होने वाली है। आगामी 3 मार्च 2027 को विवेक पाण्डेय की शादी प्रस्तावित है। शादी को लेकर परिवार में काफी समय से तैयारियां चल रही थीं। सोने-चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए परिवार के लोगों ने शादी में इस्तेमाल होने वाले जेवरात पहले ही खरीद लिए थे। इसके साथ ही शादी के लिए जरूरी अन्य सामान और नकदी भी घर में रखी गई थी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को छोटे पाण्डेय के एक रिश्तेदार की तबीयत अचानक खराब हो गई। जानकारी मिलने के बाद छोटे पाण्डेय समेत परिवार के लोग रिश्तेदार को देखने के लिए महराजगंज अस्पताल चले गए। दूसरी तरफ विवेक पाण्डेय विद्यालय में पढ़ाने के लिए चले गए थे। इस दौरान घर पूरी तरह खाली था। आशंका है कि इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बनाया।
ये भी पढ़ें- स्वतंत्रता दिवस से पहले बलरामपुर में ड्रोन-कैमरों का पहरा, भारत-नेपाल सीमा से लेकर रेलवे स्टेशन तक पुलिस अलर्ट
दोपहर में विद्यालय से पढ़ाने के बाद विवेक पाण्डेय जब घर पहुंचे तो बाहर का ताला लगा हुआ था। पहली नजर में सब कुछ सामान्य दिखाई दिया, लेकिन घर के अंदर पहुंचते ही उनकी नजर बिखरे पड़े सामान पर गई। कमरे में सामान अस्त-व्यस्त था और आलमारी का ताला टूटा हुआ था। आलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे गहनों के डिब्बे समेत कई सामान गायब मिले।
चोरी का पता चलते ही परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी गई। लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान गायब देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन चोरी की इस घटना से इतने सदमे में आ गए कि कुछ लोगों की हालत बिगड़ गई और वे रोने लगे।
ये भी पढ़ें- ‘काली कमाई’ पर पुलिस का बड़ा एक्शन! आजमगढ़ में कुर्क हुई 1.92 करोड़ की प्रॉपर्टी, जानिए कौन है ये शातिर गैंगस्टर
परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना भिटौली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने टूटे हुए ताले, आलमारी और बिखरे सामान की जांच करते हुए घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
शादी से पहले हुई इस बड़ी चोरी ने परिवार की खुशियों को चिंता में बदल दिया है। जिस घर में कुछ ही समय बाद शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह होना था, वहां अब चोरी के बाद मातम जैसा माहौल है। परिजनों ने पुलिस से चोरी गए जेवरात, नकदी और सामान की बरामदगी के साथ आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और चोरों तक पहुंचने के लिए हर संभावित पहलू को खंगाला जा रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 14 August 2026, 7:23 PM IST