नवोदय विद्यालय में बच्चों की थाली में मिला मरा मेंढक, मचा हड़कंप; भोजन छोड़कर बच्चों ने किया हंगामा

महराजगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक छात्र की थाली में दाल के साथ मरा हुआ मेंढक मिला। इसे देखते ही बच्चों ने खाना छोड़ दिया और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 August 2026, 5:56 PM IST

Maharajganj: स्थानीय जवाहर नवोदय विद्यालय में बच्चों को परोसे गए भोजन में मरा हुआ मेंढक मिलने से रविवार को हड़कंप मच गया। दाल में मेंढक मिलने की घटना सामने आते ही बच्चों में अफरातफरी मच गई और नाराज छात्रों ने भोजन करना बंद कर हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंचा और बच्चों को समझाकर शांत कराया। मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी है।

विद्यालय परिसर में तैयार होता है भोजन

जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह से 12वीं तक करीब 100 बच्चे आवासीय रूप से पढ़ाई करते हैं। बच्चों के लिए भोजन विद्यालय परिसर में ही तैयार किया जाता है। रविवार सुबह नाश्ते के बाद बच्चों को दाल, चावल और सब्जी परोसी गई। इसी दौरान कक्षा नौ के एक छात्र की थाली में दाल के साथ मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। मेंढक देखते ही छात्र चीख पड़ा। इसके बाद आसपास भोजन कर रहे अन्य बच्चों में भी हड़कंप मच गया और कई छात्रों ने अपनी-अपनी थाली की जांच शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें- पानी नहीं बचा तो संकट बढ़ेगा… सीतापुर की सरायन नदी बनी नाला, 1000 पार TDS के दावे से बढ़ी चिंता

बच्चों ने विद्यालय में किया हंगामा

घटना से गुस्साए बच्चों ने भोजन करना बंद कर दिया और विद्यालय परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप था कि भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही बरती गई है। मामला बढ़ता देख विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।

वाइस प्रिंसिपल दीपक कुमार ने बताया कि सुबह बच्चों के लिए दाल-चावल और सब्जी तैयार की गई थी। एक बच्चे की थाली में मरा हुआ मेंढक मिलने की शिकायत सामने आई है। मामले की जांच कराई जा रही है। अगर जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई है और फिलहाल सभी बच्चे स्वस्थ हैं।

क्या बोला विद्यालय प्रशासन?

विद्यालय प्रशासन का कहना है कि भोजन तैयार करने के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है, लेकिन आखिरकार यह लापरवाही किस स्तर पर हुई, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद भोजन व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

ये भी पढ़ें- घर में छाया मातम, रक्षाबंधन से पहले उजड़ी खुशियां; करंट लगने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कुछ अभिभावक विद्यालय पहुंच गए। बच्चों की थाली में मरा हुआ मेंढक मिलने की जानकारी पर अभिभावकों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित आवासीय संस्थान में बच्चों के भोजन के साथ इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर मामला है। अभिभावकों ने कहा कि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल के भरोसे विद्यालय भेजते हैं, ऐसे में भोजन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Location :  Maharajganj

Published :  16 August 2026, 5:56 PM IST