
प्रतीकात्मक फोटो (Img- Pinterest)
Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के चौक थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, वीडियो बनाए जाने और उसे वायरल करने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, किशोरी की गांव के ही युवक ऋषि चौधरी से जान-पहचान थी। आरोप है कि करीब एक महीने पहले, जब किशोरी की मां घर पर मौजूद नहीं थीं, तब युवक किशोरी को गांव के सिवान की ओर ले गया।
तहरीर के मुताबिक, वहां किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया और घटना का वीडियो भी बनाया गया। पुलिस ने तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।
किशोरी की मां के मुताबिक, घटना के बाद कथित वीडियो वायरल कर दिया गया। किशोरी ने बाद में अपनी मां को घटना की जानकारी दी। उस समय उसकी मां इलाज के सिलसिले में अपने मायके गई हुई थीं।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि वापस लौटने के बाद जब महिला ने युवक से मामले को लेकर बात की तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और धमकी दी गई।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 137(2), 351(3) और 352 के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3 और 4, आईटी एक्ट की धारा 67(A) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
किशोरी की मां ने चौक थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस की जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 2 October 2026, 9:43 PM IST