
अजय प्रताप यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज (Img: AI Generated Image)
Maharajganj: जमीन खरीदने का सपना संजोए एक व्यक्ति को लाखों रुपये देने के बाद कथित तौर पर ऐसा झटका लगा कि जिस जमीन के लिए रकम दी गई, उसकी रजिस्ट्री ही किसी और के नाम कर दी गई। मामले में शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जंगल बांकी टुकड़ा नंबर-14, पनियरा निवासी अजय प्रताप यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार अजय प्रताप यादव ने उसे विश्वास में लेकर महराजगंज नगरपालिका क्षेत्र के पिपरदेउरा स्थित आराजी नंबर-942 की जमीन की खतौनी दिखाई और जमीन बेचने का सौदा तय किया। आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए शिकायतकर्ता ने 18 अप्रैल 2022 से 25 मई 2022 के बीच उसके एचडीएफसी बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खातों में कुल 5 लाख 77 हजार रुपये ट्रांसफर किए।
ये भी पढ़ें- मिर्जापुर में दबंगों की दहशत: युवक को जंगल में ले जाकर पीटा, बनाया वीडियो, दी जान से मारने की धमकी
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रकम मिलने के बाद जब शिकायतकर्ता ने जमीन का बैनामा कराने के लिए कहा तो आरोपी लगातार टाल-मटोल करता रहा। इसी दौरान 3 दिसंबर 2022 को शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि आरोपी ने कथित तौर पर इसी जमीन के बदले किसी अन्य व्यक्ति से भी रुपये लिए हैं। इस संबंध में फोन पर पूछताछ करने पर उसे आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब शिकायतकर्ता को 22 जून 2026 को जानकारी मिली कि जिस जमीन के लिए उससे 5.77 लाख रुपये लिए गए थे, उसका बैनामा आरोपी ने 8 अप्रैल 2026 को ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दिया था। इसके बाद शिकायतकर्ता ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें- बलिया पुलिस की खास तैयारी : एक कॉल से बच सकते हैं हजारों रुपये! साइबर ठगी पर तुरंत करें ये काम
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत अजय प्रताप यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस बैंक खातों में हुए लेन-देन, जमीन की खतौनी, बैनामा समेत अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 9 September 2026, 6:24 PM IST