
गल्ला व्यापारी की दुकान पर एसडीएम की छापेमारी (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज जिले में खाद्यान्न कारोबार से जुड़े एक मामले ने सोमवार को अचानक तूल पकड़ लिया, जब शिकायत मिलने के बाद प्रशासन की टीम ने कोल्हुई कस्बे स्थित एक गल्ला व्यापारी के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गोदाम, स्टॉक रजिस्टर और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। शुरुआती जांच में कुछ ऐसी विसंगतियां सामने आईं, जिनके बाद पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम शैलेन्द्र गौतम के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार साहनी, पूर्ति निरीक्षक ईशान प्रताप सिंह, मंडी सचिव दीपक कुमार और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में राज ट्रेडर्स नामक प्रतिष्ठान पर छापा मारा गया। अधिकारियों ने कई घंटों तक रिकॉर्ड और गोदाम में रखे खाद्यान्न का मिलान किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सरकारी राशन की खरीद-फरोख्त और स्टॉक से संबंधित अनियमितताएं की जा रही हैं। इसी आधार पर प्रशासन ने जांच शुरू की।
जबरन धर्मांतरण का आरोप गलत? आयुष मलिक ने किया बड़ा दावा, चांदनी केस पर भी दिया बयान
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि गोदाम में 614 बोरी चावल मौजूद पाए गए, जबकि ऑनलाइन रिकॉर्ड में चावल का स्टॉक शून्य दर्ज था। इस अंतर ने अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींचा और मामले को गंभीर बना दिया। इसके अलावा गेहूं के स्टॉक और उपलब्ध रिकॉर्ड के बीच भी कुछ कमियां मिलने की बात सामने आई है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएंगे।
जांच टीम ने गोदाम में मौजूद चावल के नमूने एकत्रित किए और परीक्षण के लिए अपने साथ ले गई। साथ ही कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख भी जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी रिकॉर्ड का तकनीकी और भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्टॉक और ऑनलाइन डेटा में इतना बड़ा अंतर क्यों है।
कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। मंडी और आसपास के बाजारों में इस छापेमारी की चर्चा होती रही।
एसडीएम शैलेन्द्र गौतम ने बताया कि शिकायत के सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अगर जांच में सरकारी राशन की खरीद-फरोख्त, स्टॉक में हेराफेरी या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने बताया कि मौके पर मिले चावल को जब्त कर सुपुर्दगी में रखवा दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Location : Maharajganj
Published : 8 June 2026, 4:38 PM IST