अचानक छापेमारी से हड़कंप! अन्नपूर्णा सुपर मार्ट सहित कई दुकानों पर खाद्य विभाग की रेड, नमूने सील

महराजगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। अचार, जैम, कैचप और चटनी जैसे उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। आखिर इस छापेमारी में क्या कुछ संदिग्ध मिला?

Maharajganj: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को विशेष अभियान चलाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी और निरीक्षण की कार्रवाई की। इस दौरान अचार, जैम, कैचप और चटनी समेत कुल 6 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

इन खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने फरेंदा रोड स्थित विष्णु इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। यहां से मिक्स्ड अचार और मिक्स्ड फ्रूट जैम (पतंजलि ब्रांड) के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने अन्नपूर्णा सुपर मार्ट पहुंचकर मिक्स्ड अचार (वाटिका ब्रांड) तथा टोमैटो कैचप (वीबा ब्रांड) के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

“मैं नेपाल नहीं गई…” जमानत के बाद पहली बार सामने आई सोनम रघुवंशी, जानें क्या कहा?

अभियान के अगले चरण में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सिसवा बाजार स्थित गोपाल ब्रदर्स पहुंची, जहां प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर आम का अचार और सेजवान चटनी के नमूने लिए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कुल छह नमूनों को विधिवत सील कर परीक्षण हेतु अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

नमूनों की गुणवत्ता का होगा परीक्षण

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नमूनों की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाएगा। अगर किसी भी नमूने में मिलावट, मानकहीनता अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप, गांव में दहशत! घायल युवक की हालत गंभीर, देखें Video

अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाजार में बिक रहे खाद्य उत्पादों की नियमित निगरानी की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। विभाग का उद्देश्य आम लोगों तक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इस निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, हिमांशु जयंत और पवन गौड़ शामिल रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  15 June 2026, 7:16 PM IST

Advertisement