
डीआईजी एस. चन्नप्पा का सख्त संदेश
Maharajganj: गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने शनिवार को जनपद के घुघली और भिटौली थानों का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की मौजूदगी में हुए निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना संचालन से लेकर अपराध नियंत्रण तक हर व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।
डीआईजी ने थाना परिसर, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक, भोजनालय, सीसीटीएनएस कार्यालय तथा अभिलेखों के रखरखाव का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, वांछित अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, वारंटों की प्रभावी तामील और हिस्ट्रीशीटरों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। महिला उत्पीड़न और कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने पर भी विशेष जोर दिया।
Maharajganj: दरवाजे पर सो रही महिला की सिर कूचकर हत्या, रात के विवाद के बाद वारदात से गांव में सनसनी
निरीक्षण के बाद डीआईजी और एसपी ने दोनों थानों में आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद और अन्य संवेदनशील मामलों का मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
डीआईजी एस. चन्नप्पा ने कहा कि थाना समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाना या तहसील का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने थाना प्रभारियों को नियमित पैदल गश्त, रात्रि भ्रमण, बैंक एवं बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष निस्तारण किया जाए तथा आमजन के साथ मित्रवत और सम्मानजनक व्यवहार कर पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत किया जाए। निरीक्षण एवं समाधान दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर, थाना प्रभारी, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 25 July 2026, 6:19 PM IST