बड़ी खबर: युवाओं को आतंकी बनाने की साजिश, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का भारत विरोधी नेटवर्क ध्वस्त, 52 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा संचालित राष्ट्रविरोधी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। यह गैंग युवाओं को आतंकी बनाने के लिए प्रेरित करता था।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 20 August 2026, 7:44 PM IST

Lucknow: देश के युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने और भारत के खिलाफ राष्ट्रविरोधी नेटवर्क तैयार करने के एक मामले का उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। यूपीएसटीएफ और एटीएस ने पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा संचालित राष्ट्रविरोधी नेटवर्क के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए 12 अभियोग पंजीकृत कर 52 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग के काले कारनामों का खुलासा किया।

ISI के इशारे पर काम करने का आरोप

एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि शहजाद भट्टी का नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देशों पर काम कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं से संपर्क किया जाता था और उन्हें पैसे व अन्य प्रलोभन देकर कट्टरपंथ की ओर आकर्षित किया जाता था।

कई संदिग्ध जांच के दायरे में

पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े कई सक्रिय सदस्यों की पहचान की गई है। इनमें अबिज जट्ट, हामन मेमन, हामत बरकती, जावेद पाकिस्तानी, रजा भाई पाकिस्तानी, अजमल गुर्जर, राशिद भट्टी और राणा हुनैन जैसे लोग शामिल हैं। जांच एजेंसियां ​​इन सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर

एडीजी अमिताभ यश के मुताबिक, शहजाद भट्टी युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ​​सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

यूपी पुलिस ने कहा है कि देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार लोगों के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच चल रही है।

Location :  Lucknow

Published :  20 August 2026, 7:33 PM IST