लखनऊ में 50 करोड़ का काला कारोबार, दिल्ली पुलिस के इस खौफनाक ऑपरेशन ने उड़ाए होश; 4 गिरफ्तार

लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में चल रही अवैध हेरोइन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ो रुपये की कीमत वाली 7 किलो से ज्यादा हेरोइन और भारी मात्रा में केमिकल बरामद किए गए हैं।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 5 October 2026, 6:27 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश के जनपद लखनऊ में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई हुई। जानकीपुरम इलाके में चल रही अवैध हेरोइन फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 करोड़ रुपये की कीमत वाली 7 किलो से ज्यादा हेरोइन और भारी मात्रा में केमिकल बरामद किए गए हैं। इस अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

जानकीपुरम में चल रही थी कथित फैक्ट्री

दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर 4 अक्टूबर को लखनऊ के जानकीपुरम इलाके की सीता कॉलोनी में छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, यहां अवैध तरीके से हेरोइन तैयार की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान मौके से 6.275 किलो तैयार हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने मौके से बबलू नाम के एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया। उसकी उम्र करीब 35 साल बताई गई है। पुलिस का दावा है कि बरामद ड्रग्स और अन्य सामग्री एक बड़े अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा है।

ये भी पढ़ें: Delhi Lucknow Highway Accident: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई टूरिस्ट बस, नेपाल के 2 लोगों की मौत; 20 घायल

करीब 50 करोड़ रुपये की बताई जा रही ड्रग्स

पुलिस के मुताबिक इस पूरे ऑपरेशन में कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। छापेमारी के दौरान पुलिस को तैयार हेरोइन के अलावा कई तरह के केमिकल और उपकरण भी मिले।

इनमें 2.504 किलो सोडियम, 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, मिक्सर ग्राइंडर, गैस सिलेंडर, वजन करने वाली मशीन और अन्य बर्तन शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फैक्ट्री में ड्रग्स कब से तैयार की जा रही थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था।

दिल्ली से शुरू हुई थी जांच

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई की शुरुआत 16 सितंबर को दिल्ली के बेगमपुर इलाके से हुई थी। स्पेशल स्टाफ की टीम ने एक ग्रैंड विटारा कार से कथित तौर पर ड्रग्स की डिलीवरी देने पहुंचे लक्ष्मण हुड्डा को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक लक्ष्मण की उम्र करीब 58 साल है। उसके कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली।

सोनीपत से दूसरा आरोपी गिरफ्तार

लक्ष्मण हुड्डा से पूछताछ के बाद पुलिस ने 17 सितंबर को सोनीपत से अनिल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके पास से एक महिंद्रा XUV-700 और 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस का दावा है कि अनिल के खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं। वह पैरोल जंप करने के बाद भगोड़ा घोषित था। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया और कथित ड्रग्स नेटवर्क के तार लखनऊ तक पहुंचने की जानकारी मिली। इसी आधार पर जानकीपुरम में छापेमारी की गई।

ये भी पढ़ें: Lucknow Gomti River Flood: गुलाला घाट तक पहुंचा पानी, अंतिम यात्रा में भी बढ़ी मुश्किल

नेटवर्क के दूसरे लोगों की तलाश जारी

दिल्ली पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कथित फैक्ट्री में तैयार की जा रही हेरोइन की सप्लाई किन राज्यों में की जानी थी और इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद ड्रग्स तथा केमिकल की भी जांच कराई जा रही है।

Location :  Lucknow

Published :  5 October 2026, 6:27 PM IST