इश्क, बेवफाई और मौत: पत्नी को प्रेमी संग पकड़ने के अगले दिन युवक ने दी जान, अस्पताल में मचा हंगामा

उत्तर प्रदेश के इटावा में शादी के महज 20 दिन बाद एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी के कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं पति की मौत की खबर मिलने पर पत्नी ने भी नींद की गोलियां खाकर जान देने की कोशिश की। इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 July 2026, 1:44 PM IST

Etawah: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया है। महज 20 दिन पहले जिस घर में शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। आरोप है कि पत्नी के कथित प्रेम-प्रसंग की सच्चाई सामने आने के बाद पति इतना टूट गया कि उसने पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। वहीं पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ने भी नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या की कोशिश की। इस पूरी घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है और दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल होने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बाजार में प्रेमी संग जाने का आरोप

यह मामला इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के जुगरामऊ गांव का है। यहां रहने वाले 25 वर्षीय अंकित कुशवाहा की शादी सात जुलाई को खुशबू से हुई थी। परिजनों के मुताबिक रविवार को अंकित अपनी पत्नी को कपड़े दिलाने बाजार लेकर गया था। आरोप है कि खुशबू अपने साथ जेवर भी लेकर गई थी और उसने पहले से ही अपने कथित प्रेमी को व्हाट्सएप पर लोकेशन भेज दी थी। बताया जा रहा है कि पुराना बस स्टैंड के पास पहुंचने के बाद खुशबू ने अंकित को लस्सी लेने के लिए भेज दिया। इसी दौरान उसका कथित प्रेमी बाइक लेकर वहां पहुंच गया और खुशबू उसके साथ जाने लगी।

इटावा में इस बात पर भड़का गुस्सा, सैफई तहसील में बैनामा लेखकों और वकीलों की हड़ताल, ठप रहा काम

भीड़ के सामने पहचान से किया इनकार

मृतक के बड़े भाई राजेश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भीड़ के सामने खुशबू ने अंकित को पहचानने से इनकार कर दिया और कहा कि वह उसे नहीं जानती। इससे मौके पर मौजूद लोगों ने अंकित को ही घेर लिया। इसके बाद अंकित ने अपने मोबाइल में शादी की जयमाल की तस्वीर दिखाई और बताया कि खुशबू उसकी पत्नी है। तस्वीर देखने के बाद लोगों ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद अंकित पत्नी को लेकर घर लौट आया, लेकिन वह अंदर ही अंदर पूरी तरह टूट चुका था।

सुबह पेड़ से लटका मिला शव

सोमवार सुबह करीब दस बजे गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब अंकित का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी खुशबू ने भी कथित तौर पर नींद की गोलियां खा लीं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान भी हंगामे की स्थिति बन गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने जब उसके इलाज के लिए नाक में नली डालने की कोशिश की तो उसने इसका विरोध किया। काफी समझाने के बाद डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। एहतियात के तौर पर अस्पताल में उसके पास महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है।

अब मैं नहीं झेल सकती… इटावा में MBBS छात्रा ने सुसाइड कर सबको झकझोरा, पुलिस को मिला अहम वीडियो

पुलिस कई पहलुओं से कर रही जांच

मृतक के भाई राजेश ने यह भी आरोप लगाया है कि खुशबू अपने मायके से पहले ही नींद की गोलियां लेकर आई थी। इस दावे की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और सभी तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। अंकित दो भाइयों में छोटा था और अपने परिवार के साथ खेती-बाड़ी कर जीवनयापन करता था। उसके पिता लल्लन सिंह कुशवाहा किसान हैं। इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि खुशबू की मां और दादी की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक खुशबू का मायका बकेवर थाना क्षेत्र के नौधना गांव में है और जिस युवक के साथ उसके प्रेम-प्रसंग का आरोप लगाया जा रहा है, वह भी उसी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।

Location :  Etawah

Published :  28 July 2026, 1:44 PM IST