Crime News: प्रेम संबंधों का मजाक उड़ाने पर युवक की धारदार हथियार से हत्या

दिल्ली के ख्याला थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध का मजाक उड़ाने से नाराज 15 वर्षीय किशोर ने 28 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयोग किया गया हथियार बरामद कर लिया।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 26 June 2026, 12:55 PM IST

New Delhi: पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के ख्याला थाना इलाके में कैंची घोंपकर हत्या किए गए 28 साल के युवक के मामले को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया। हत्या के आरोप में एक 15 साल के लड़के को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच से पता चला है कि किशोर इस बात से नाराज़ था कि मृतक अक्सर उसके प्रेम संबंध का मज़ाक उड़ाता था और इसी नाराजगी में उसने यह गुनाह किया।

GGS अस्पताल से मिली जानकारी

पुलिस ने बताया कि, 24 जून को रघुबीर नगर के GGS अस्पताल से जानकारी मिली कि विष्णु गार्डन के रहने वाले 28 साल के फ़िरोज़ को धारदार हथियार से लगी चोटों के साथ अस्पताल लाया गया और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी घटना में एक और 28 साल का युवक, अख्तर अली भी घायल पाया गया, जिसके पैर में धारदार हथियार से चोट लगी थी।

प्रेम संबंध को लेकर मज़ाक; विवाद हिंसक हो गया

जांच के दौरान, घायल अख्तर अली ने बताया कि वह, मृतक फ़िरोज़ और आरोपी किशोर एक ही फ़ैक्टरी में काम करते थे और वहीं रहते थे। आरोपी का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था, जिसे लेकर फ़िरोज़ अक्सर उसे चिढ़ाता था। 24 जून की सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गई।

बीच-बचाव करने वाले साथी पर हमला किया

एक चश्मदीद के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे किशोर के हाथ में कैंची थी और वह बार-बार फ़िरोज़ पर वार कर रहा था। जब अख्तर अली ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी हमला किया और मौके से भाग गया। घटना के बाद, पुलिस ने हत्या और मारपीट से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

CCTV मदद से आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमें बनाईं। CCTV फुटेज, स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी किशोर को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात कबूल कर ली। अपराध में इस्तेमाल की गई कैंची भी उसकी निशानदेही पर बरामद कर ली गई।

रंजिश के कारण हत्या

पुलिस जांच से पता चला कि लगातार मज़ाक उड़ाए जाने के कारण किशोर मानसिक रूप से परेशान था और उसके मन में रंजिश थी। घटना वाले दिन, बढ़ते हुए झगड़े के बाद वह गुस्से में आ गया और उसने कैंची से फ़िरोज़ पर कई बार हमला किया। पुलिस अभी मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Location :  New Delhi

Published :  26 June 2026, 12:55 PM IST