
भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाई आवाज (Img: Social Media)
Lakhimpur: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में उस समय कलेक्ट्रेट परिसर में हलचल मच गई, जब एक युवक हाथ में कुल्हाड़ी और दूसरे हाथ में प्रार्थना पत्र लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गया। युवक ने भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और फिल्म 'घायल' का मशहूर डायलॉग बोलते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी। वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सिंगाही थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी राम सिंह कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उन्होंने खुद को एक मजदूर बताते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। वायरल वीडियो में वह खुद को पृथ्वीराज चौहान का वंशज बताते हैं और कहते हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अब किसी न किसी को भगत सिंह बनना पड़ेगा।
प्रदर्शन के दौरान राम सिंह ने फिल्म 'घायल' का चर्चित डायलॉग, "ये मजदूर का हाथ है..." बोलते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और वीडियो तेजी से वायरल होने लगा।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले का दूसरा पक्ष भी सामने आया। जानकारी के मुताबिक राम सिंह का अपने पड़ोसियों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सिंगाही पुलिस ने भी पड़ोसियों का बयान सामने रखा, जिसमें उन पर सड़क पर गड्ढा खोदने, लोगों से अभद्र व्यवहार करने और विवाद पैदा करने के आरोप लगाए गए।
Budaun: सड़क पार कर रहे मानसिक रूप से बीमार बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंदा, परिवार में छाया मातम?
पड़ोसी महिला और अन्य लोगों ने भी राम सिंह के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Lakhimpur
Published : 24 July 2026, 2:23 PM IST