
जल लेकर मंदिर जा रहे थे कांवड़िये (Source: Dynamite News)
Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जिले के खीरी थाना क्षेत्र में कांवड़ियों के जत्थे पर अचानक पथराव किए जाने से हड़कंप मच गया। कांवड़िये भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए लीलौटीनाथ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान जुलाहनपुरवा के पास कथित तौर पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, खीरी थाना क्षेत्र के किया गांव के करीब 40-50 लोग नहर के पास स्थित माता मंदिर से जल भरकर लीलौटीनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए निकले थे। कांवड़ियों का जत्था जैसे ही जुलाहनपुरवा के पास पहुंचा, तभी अचानक उन पर पत्थर फेंके जाने लगे।
पथराव से कांवड़ियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पथराव की घटना में राजापुर गांव निवासी कांवड़िया विकास कुमार के सिर में गंभीर चोट लग गई। सिर में चोट लगने के बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। साथी कांवड़ियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर और खीरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायल विकास कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 8 से 9 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पथराव की घटना के पीछे असल वजह क्या थी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में किसी साजिश या अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।
लखीमपुर खीरी की पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के मुताबिक, प्रथम दृष्टया सामने आया है कि घटना एक मानसिक रूप से अस्वस्थ किशोर की हरकत से जुड़ी है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस और प्रशासन की तैनाती की गई है। अधिकारियों की निगरानी में स्थिति को सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घायल कांवड़िए का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Location : Lakhimpur Kheri
Published : 10 August 2026, 1:14 PM IST