बहन के घर आया था युवक आधी रात पुलिया के पास इस हाल में मिला, थाने में भारी हंगामा

महाराजगंज का 18 वर्षीय प्रमोद साहनी कुशीनगर में अपनी बहन के घर आया था, जहां वह संदिग्ध परिस्थितियों में घायल मिला और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हत्या का आरोप लगाते हुए परिजनों ने चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी और शव को एम्बुलेंस से कप्तानगंज थाने ले जाकर हंगामा किया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 2 July 2026, 4:55 PM IST
google-preferred

Kushinagar: कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बहन के घर आए एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण शव लेकर थाने पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस के आश्वासन पर लोग शांत हुए और शव लेकर वापस लौट गए।

बहन से मिलने आया था युवक

जानकारी के मुताबिक, महाराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र के सोहरौना राजा गांव निवासी 18 वर्षीय प्रमोद साहनी सोमवार शाम अपनी बहन के घर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पचार गांव आया था। परिवार से मिलने के बाद वह शाम करीब छह बजे गांव के चौराहे पर मीट खरीदने के लिए निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा।

Kushinagar: वाहन की टक्कर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, पति घायल; फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

सड़क किनारे घायल हालत में मिला

जब देर रात तक प्रमोद घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह गांव के पास एक पुलिया के समीप सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल और बेसुध अवस्था में मिला। उसे तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।

शव लेकर थाने पहुंचे परिजन

पोस्टमार्टम के बाद बुधवार रात शव गांव पहुंचा तो गुस्साए परिजन और ग्रामीण एंबुलेंस से सीधे कप्तानगंज थाने पहुंच गए। उनका आरोप था कि पुलिस ने मामले में समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

चार युवकों पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक के बहनोई गुनारी साहनी ने गांव के ही चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी। उन्होंने सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान थाने पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

Kushinagar: हल्दी-मेहंदी की बची बिरयानी बनी मुसीबत, 13 अस्पताल में भर्ती, जानें पूरा मामला

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

कप्तानगंज थाना प्रभारी धीरेंद्र राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन और ग्रामीण शांत होकर वापस लौट गए।

Location :  Kushinagar

Published :  2 July 2026, 4:17 PM IST

Advertisement