
कम्पोजिट शराब की दुकान को लेकर विवाद (Img: Dynamite News)
Maharajganj: कोल्हुई क्षेत्र में संचालित कम्पोजिट शराब की दुकान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शराब दुकानों के संचालन में शासन द्वारा निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसे लेकर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कोल्हुई-लोटन मार्ग पर शांतिनगर चौराहे के पास संचालित कम्पोजिट शराब की दुकान स्टेट हाईवे से मात्र 60 से 70 मीटर की दूरी पर स्थित है। जबकि शासनादेश के अनुसार शराब की दुकान स्टेट हाईवे से लगभग 220 मीटर की दूरी के बाद ही स्थापित की जानी चाहिए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में इस दुकान का संचालन किया जा रहा है।
वहीं दूसरी नवसृजित कम्पोजिट शराब की दुकान का आवंटन सोनाबंदी ग्राम सभा के नाम पर हुआ है, लेकिन उसका संचालन गोपालपुर में किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों का कहना है कि अगर आवंटन और संचालन स्थल अलग-अलग हैं तो यह नियमों के विपरीत है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- Hamirpur: गले में जंजीर डालकर सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
इस पूरे मामले पर आबकारी इंस्पेक्टर पुंकेश सिंह ने बताया कि शिकायत और लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। अगर जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 22 July 2026, 6:49 PM IST