Kasganj: दुकान से उठाकर पुलिस गाड़ी में बैठाया सर्राफा व्यापारी, भड़के कारोबारी! SP के सामने पहुंचा मामला

कासगंज में सर्राफा व्यापारी को दुकान से पुलिस गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाने का मामला गरमा गया है। दीपक ज्वेलर्स के मालिक रामबाबू साहू के साथ कथित अभद्रता की खबर से जिलेभर के व्यापारी नाराज हो गए। यातायात माह कार्यक्रम में व्यापारियों ने एसपी के सामने विरोध जताया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 7:05 PM IST

Kasganj: दुकान पर रोज की तरह कारोबार चल रहा था। तभी पुलिसकर्मी पहुंचे और एक ऐसी कार्रवाई हुई, जिसने आसपास के दुकानदारों को भी हैरान कर दिया। बिलराम गेट स्थित दीपक ज्वेलर्स के मालिक को कथित तौर पर दुकान से बाहर लाकर पुलिस गाड़ी में बैठा दिया गया। देखते ही देखते मामला पूरे सर्राफा बाजार में फैल गया। इसके बाद जिलेभर के कारोबारी एकजुट हो गए और पुलिस प्रशासन के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। मामला बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक को खुद व्यापारियों को भरोसा देना पड़ा।

चोरी की चेन खरीदने का लगाया आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, गंजडुंडवारा क्षेत्र के एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर दरोगा राजपाल पुलिसकर्मियों के साथ बिलराम गेट स्थित दीपक ज्वेलर्स पहुंचे। पुलिस का आरोप था कि दुकान के स्वामी रामबाबू साहू ने चोरी की या संदेहास्पद सोने की चेन खरीदी है।

हालांकि, व्यापारी ने चेन खरीदने की बात से इनकार किया। इसी बात को लेकर पुलिस और व्यापारी के बीच बातचीत हुई। आरोप है कि पुलिसकर्मी बातचीत के बहाने रामबाबू साहू को दुकान से बाहर लेकर आए। इसके बाद उनके साथ अभद्रता की गई और धक्का देकर पुलिस वाहन में बैठा लिया गया।

बाजार में फैली खबर तो व्यापारियों में बढ़ा आक्रोश

व्यापारी को इस तरह दुकान से ले जाने की खबर आसपास के दुकानदारों तक पहुंची तो बाजार में हलचल मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारी सक्रिय हो गए। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।

ये भी पढ़ें- सफाई के दौरान बोगी में आखिर किसका मिला शव? कासगंज GRP खंगाल रही पहेली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

व्यापारियों ने सवाल उठाया कि अगर किसी व्यापारी पर कोई आरोप है तो उसकी जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। किसी को दुकान से जबरन उठाकर ले जाना और उसके साथ कथित अभद्रता करना उचित नहीं है।

अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद थाने से छूटे रामबाबू

मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी तक पहुंची। अधिकारियों ने घटनाक्रम का संज्ञान लिया। इसके बाद व्यापारी रामबाबू साहू को थाने से रिहा कर दिया गया। हालांकि, इस घटना को लेकर व्यापारियों की नाराजगी कम नहीं हुई और उन्होंने पुलिस प्रशासन के सामने अपनी बात रखने का फैसला किया।

यातायात माह के कार्यक्रम में SP के सामने जताया विरोध

रविवार को सोरों गेट स्थित आंबेडकर पार्क में यातायात माह के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान जिला सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारी और व्यापारी पुलिस अधीक्षक के सामने पहुंच गए। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने घटना पर नाराजगी जताई और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

अखिलेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान सबसे जरूरी है। किसी भी व्यापारी का बिना उचित कारण उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।

ये भी पढ़ें- देवरिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्त घायल, इलाज के दौरान एक की मौत

SP के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला

व्यापारियों की नाराजगी सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। एसपी के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया।

विरोध में ये व्यापारी रहे शामिल

इस दौरान सर्राफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मिंकी अग्रवाल, तनुज राठौर, सत्यप्रकाश गहलोत, राजवीर सिंह सोलंकी, अंकुश, रमेश साहू, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सतीश गुप्ता, डॉ. विकास गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Location :  Kasganj

Published :  1 November 2026, 7:05 PM IST