Muzaffarnagar: कांवड़ को छूने की कीमत इतनी भारी पड़ेगी, किसी ने सोचा भी नहीं… फिर सड़क पर मच गया बवाल

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में कांवड़ यात्रा के दौरान एक छोटी-सी घटना ने देखते ही देखते बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया। सड़क पर ऐसा माहौल बना कि लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को तुरंत मौके पर पहुंचना पड़ा।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 16 July 2026, 3:12 PM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी कस्बे में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ शिवभक्त कांवड़ियों ने एक डग्गामार वाहन में जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाइश के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।

गाड़ी की साइड लगने से शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डग्गामार वाहन की साइड वहां से गुजर रहे एक कांवड़िए को लग गई थी। इसी बात को लेकर मौके पर बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हंगामे में बदल गई। गुस्साए कुछ कांवड़ियों ने वाहन को घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुरकाजी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया और दोनों पक्षों को समझाकर माहौल सामान्य किया। काफी मशक्कत के बाद कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। पुलिस की समय पर कार्रवाई से स्थिति और अधिक बिगड़ने से बच गई।

ये भी पढ़ें- Fatehpur: गोपालपुर गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

वायरल वीडियो की हो रही जांच

घटना के बाद सामने आए वीडियो अब पुलिस की जांच का हिस्सा बन गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हंगामे में कौन-कौन लोग शामिल थे और किसकी क्या भूमिका रही।

एसपी सिटी ने क्या कहा?

मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि बुधवार शाम पुरकाजी से हंगामे की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराकर कानून व्यवस्था बहाल की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी गंभीरता से जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान कोई भी कानून अपने हाथ में न ले।

ये भी पढ़ें- Jalaun: शादी से इनकार और मोबाइल टावर पर चढ़ गई युवती, पुलिस ने किया रेस्क्यू

जांच में क्या सामने आया?

एसपी सिटी के अनुसार शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वाहन गुजरते समय कांवड़ को छू गया था। इसी बात को लेकर मौके पर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक कांवड़ खंडित होने की कोई सूचना नहीं मिली है। साथ ही इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की भी जानकारी सामने नहीं आई है।

सावन से पहले बढ़ी प्रशासन की चिंता

30 जुलाई से सावन मास की शुरुआत होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही हरिद्वार से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों का आवागमन शुरू हो चुका है। हर साल लाखों शिवभक्त हरिद्वार से जल लेकर मुजफ्फरनगर होते हुए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की ओर जाते हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  16 July 2026, 3:12 PM IST