“अगर चिल्लाओगी तो मौत पक्की…” चाकू और तमंचे की नोक पर 40 मिनट तक बदमाशों का खौफनाक तांडव, पड़ोसी भी डर के साये में

कानपुर के श्यामनगर में दिनदहाड़े घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने माँ-बेटे को बंधक बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों को घर की एक-एक बात पता थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें खुलासे के लिए जुटी हैं, जानिए क्या है पूरा मामला।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 August 2026, 9:50 AM IST

Kanpur: कानपुर के श्यामनगर इलाके में दिनदहाड़े बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए एक शिक्षक के घर को निशाना बनाया। तमंचे और चाकुओं की नोंक पर बदमाशों ने शिक्षिका पत्नी और उनके बेटे को बंधक बनाकर करीब 12 लाख रुपये की नकदी और जेवर लूट लिए। वारदात के दौरान एक खौफनाक मोड़ तब आया जब बदमाश ने बेटे का मुंह दबाते हुए तंज कसा- "तुम्हें तो मैं रोज स्कूल जाते हुए देखता हूँ" इस एक बयान ने पुलिस और पीड़ित परिवार दोनों को हैरान कर दिया है, जिससे साफ जाहिर होता है कि बदमाश स्थानीय क्षेत्र से ही ताल्लुक रखते हैं और घर की पूरी गतिविधियों से भली-भांति वाकिफ थे।

तमंचे के साये में 40 मिनट तक चला खौफ का खेल

चकेरी के श्यामनगर सी-ब्लॉक निवासी निजी स्कूल के शिक्षक शरद चंद्र त्रिपाठी सोमवार को अपने स्कूल गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी रचना और 17 वर्षीय बेटा देवांश मौजूद थे। दोपहर करीब 11:45 बजे तीन नकाबपोश बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए। रचना जब किचन में खाना बना रही थीं, तब पीछे से एक बदमाश ने उनके बाल खींचकर कनपटी पर तमंचा रख दिया और गला दबाते हुए चेतावनी दी, "चिल्लाओगी नहीं तो मारेंगे नहीं... सिर्फ रुपये लेकर चले जाएंगे।"

इस बीच शोर सुनकर जब बेटा देवांश वहां पहुंचा, तो अन्य बदमाशों ने उसे भी चाकू की नोंक पर दबोच लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने देवांश पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।

Haryana Crime: 17 साल की मासूम से घिनौनी करतूत, भाई दे रहे थे पहरा और मां ने छुपाया सच, 7 लोगों पर केस दर्ज

अलमारियों की सटीक जानकारी और नए चाकू

बदमाशों की पेशेवर कार्यशैली से यह स्पष्ट हो गया कि उन्हें घर के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। वे सीधे उस कमरे में गए जहाँ सात अलमारियां रखी थीं। बदमाशों ने केवल उन पांच अलमारियों को खोला जिनमें जेवर और नकदी रखी थी, जबकि कपड़ों वाली दो अलमारियों को छुआ तक नहीं। यही नहीं, वे पूजा घर तक पहुंचे और बक्सा खुलवाकर भगवान के नाम पर रखे सिक्के और रुपये भी बटोर ले गए। रचना के अनुसार, बदमाशों के हाथों में दो बड़े और नए चमचमाते चाकू थे, और उनकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच थी।

रहस्य बने सुराग और पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश

वारदात के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घर के अंदर बदमाशों के फिंगरप्रिंट तो मिले हैं, लेकिन पैरों या जूतों का एक भी निशान न मिलने से उनके प्रवेश के रास्तों पर संशय बना हुआ है। हालांकि, आसपास के सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध बाइक सवार बदमाश कैद हुए हैं।

जांच के दौरान एक फोन कॉल भी सामने आई लूटपाट के वक्त मुख्य बदमाश के फोन पर किसी की कॉल आई थी, जिसे उसने बिना बात किए काट दिया था। पुलिस अब उस नंबर के आधार पर बीटीएस (BTS) टावर डेटा खंगाल रही है।

Gorakhpur Crime: घर से निकली 16 साल की किशोरी, फिर जो हुआ उसने पूरे इलाके में मचा दिया हड़कंप

स्थानीय कनेक्शन और पुलिस कमिश्नर का सख्त रुख

बदमाशों ने बातचीत के दौरान इलाके के ही एक व्यक्ति शिवसिंह का नाम भी लिया था। इसके आधार पर पुलिस ने शिवसिंह के अलावा घर पर काम करने वाली नौकरानी प्रियंका और उसके शराबी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कड़े निर्देश दिए हैं। अपर पुलिस आयुक्त विपिन ताडा और डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश बहुत जल्द कर दिया जाएगा।

Location :  Kanpur

Published :  4 August 2026, 9:50 AM IST