एक झटके में उजड़ गया परिवार! कार का गेट खुलते ही हुआ ऐसा हादसा, CCTV में कैद हुई दर्दनाक मौत

कानपुर में सड़क किनारे खड़ी कार का गेट अचानक खोलने से स्कूटी सवार इजहार हुसैन की मौत हो गई। हादसा सीसीटीवी में कैद हो गया। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 June 2026, 6:49 PM IST

Kanpur: कानपुर में सड़क पर खड़ी कार के चालक की एक छोटी सी लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। गुटखा थूकने के लिए अचानक कार का गेट खोलने से पीछे से आ रहे स्कूटी सवार की कार के दरवाजे से टक्कर हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, रावतपुर के रोशननगर निवासी इजहार हुसैन (42) बेकनगंज क्षेत्र में एक सरकारी राशन की दुकान पर नौकरी करते थे। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह काम खत्म कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बेनाझाबर स्थित एक होटल के सामने पहुंचे, सड़क किनारे खड़ी कार में बैठे चालक ने बिना पीछे देखे गुटखा थूकने के लिए अचानक दरवाजा खोल दिया।

कार के गेट से टकराई स्कूटी

अचानक खुला दरवाजा देखकर इजहार संभल नहीं सके और उनकी स्कूटी सीधे कार के गेट से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इजहार हुसैन अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं। हादसे के बाद घर में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक क्षण की लापरवाही ने चार बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया।

इटावा में CMO कार्यालय में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते हुए अधिकारी गिरफ्तार

हादसे के बाद चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से भागने लगा। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह मधुराज हॉस्पिटल मेट्रो स्टेशन के पास कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

Location :  Kanpur

Published :  10 June 2026, 6:49 PM IST