Kanpur Triple Suicide: पंचायत में तलाक के बाद तनाव में थी महिला, बेटियों के साथ उठाया खौफनाक कदम

कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पंचायत के जरिए तलाक के बाद वह मानसिक और आर्थिक तनाव में थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Updated : 28 April 2026, 4:50 PM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नजफगढ़ गांव में मायके में रह रही 35 वर्षीय महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार में कोहराम मच गया है।

अस्पताल पहुंचने में हुई देरी

घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है जब महिला ने पहले अपनी दोनों बेटियों को जहर खिलाया और फिर खुद भी उसे खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन तुरंत तीनों को सरसौल सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद समय पर एंबुलेंस नहीं मिली। करीब एक घंटे की देरी के बाद एंबुलेंस पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पंचायत के जरिए हुआ था तलाक

मृतका चांदनी की शादी करीब 12 साल पहले मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र के निवासी राकेश के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच संबंध अच्छे नहीं रहे। परिजनों के अनुसार, पति नशे का आदी था और अक्सर चांदनी के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से करीब पांच साल पहले चांदनी अपने मायके आकर रहने लगी थी। इसके बाद तीन साल पहले गांव की पंचायत के सामने दोनों के बीच तलाक हो गया था।

कानपुर देहात ब्रेकिंग: संदिग्ध परिस्थितियों में सेना के जवान की मौत

आर्थिक और मानसिक तनाव से जूझ रही थी महिला

तलाक के बाद चांदनी अपनी दोनों बेटियों 7 वर्षीय पायल और 5 वर्षीय ब्यूटी के साथ मायके में रह रही थी। परिवार के लोगों का कहना है कि वह लंबे समय से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से गुजर रही थी। हालांकि, किसी को यह अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा और खौफनाक कदम उठा लेगी।

परिवार में मचा कोहराम

घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि सुबह सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक यह घटना हो गई। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और हर कोई इसे लेकर दुख व्यक्त कर रहा है।

बलरामपुर की बेटियों ने कानपुर में गाड़े सफलता के झंडे, केवीएस स्कूलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी प्रतिभा

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यदि कोई शिकायत मिलती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kanpur

Published :  28 April 2026, 3:58 PM IST