
लाखों का चमड़ा जलकर खाक (Img: Google)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर के जाजमऊ क्षेत्र से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहाँ स्थित एक चमड़ा फैक्ट्री (टेनरी) के स्प्रे डिपार्टमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे कर्मचारियों ने आनन-फानन में बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
यह पूरा मामला जाजमऊ के हिंदुस्तान कंपाउंड का है, जहाँ केडीए निवासी अरशद की 'एक्ने ट्रेनर्स' नाम से चमड़ा सुखाने और तैयार करने की टेनरी है। फैक्ट्री के कर्मचारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, टेनरी की तीसरी मंजिल पर स्प्रे डिपार्टमेंट संचालित होता है। रविवार को रोजाना की तरह काम चल रहा था, तभी अचानक वहाँ रखे एक एयर कंप्रेसर में शॉर्ट सर्किट हो गया। कंप्रेसर से निकली चिंगारी ने वहां मौजूद केमिकल और चमड़े को तुरंत पकड़ लिया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
फैक्ट्री से काले धुएं का गुबार और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। जाजमऊ फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी राहुल नंदन के नेतृत्व में दमकल की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय पुलिस की मदद से मोर्चा संभाला और करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
Kanpur Dehat: यमुना में डूब रही गांव की एक बेटी को बचाया, दूसरे को बचाने में खुद नदी में समा गया
राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई भी कर्मचारी हताहत या घायल नहीं हुआ। सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। हालांकि, तीसरी मंजिल के स्प्रे डिपार्टमेंट में रखा भारी मात्रा में कीमती चमड़ा और मशीनें जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। जाजमऊ फायर स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।
Location : Kanpur
Published : 14 June 2026, 6:17 PM IST
Topics : Acne Trainers Tannery Jajmau News Kanpur Tannery Fire Leather Factory Fire Kanpur Short Circuit Fire Accident