
देर रात एनकाउंटर (Img: Dynamite News)
Kanpur: कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई ई-ऑटो चालक की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने देर रात दबोच लिया। खुद को घिरता देख उसने पुलिस पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की जिसमे उसके गोली पैर में लग गई। आरोपित को पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पूछताछ की जा रही है।
दरअसल बीते 12 नवंबर को चकेरी थाना क्षेत्र के एचएएल स्थित टटीयन झनाका बाउंड्री के पास एक शख्स का रक्तरंजित शव बरामद हुआ था। आशंका थी सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई थी। सिर पर चोट के गहरे निशान मिले थे। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त बिठूर निवासी ऑटो चालक बृजनन्दन के रूप में की थी। घटना के बाद से ऑटो भी गायब था। परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में हत्या का मुकदमा दर्ज कराते हुए पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी।
घटना स्थल की फोटो (Img: Dynamite News)
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से लेकर अन्य जगहों पर लगे करीब 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक शख्स दिखाई दिया था, जानकारी करवाई गई तो फुटेज में दिख रहा शख्स साढ़ के कुर्था गाँव निवासी राज निकला, जो मजदूरी का काम करता है। बताया जा रहा है आरोपित राज ऑटो चालक बृजनन्दन की हत्या करने के बाद उसका ऑटो लूट कर फ़रार हो गया था।
फायरिंग वाली बंदूक (Img: Dynamite News)
देर रात पता चला कि ऑटो को कहीं छिपाने के लिए क्षेत्र में आया हुआ है। पुलिस की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए अलकनन्दा के पास उसकी घेराबंदी की। अपने को घिरता देख आरोपित ने पुलिस पर फायर झोंका, आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें एक गोली आरोपित के पैर में लग गयी और वह गिर गया। आरोपित को पकड़कर काशीराम अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस के मुताबिक मृतक का लूटा हुआ ऑटो बरामद कर लिया गया है। आरोपित से पूछताछ करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Location : Kanpur
Published : 28 November 2026, 2:56 PM IST