
शिवली में भैंस चोरी का खुलासा (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Kanpur Dehat: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में पशु चोरी के मामले का खुलासा करते हुए शिवली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह रकम चोरी की गई दो पड़ियों को बेचने के बाद बची धनराशि है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है।
मामला शिवली थाना क्षेत्र के हृदयपुर जोगी डेरा गांव का है। गांव की रहने वाली उर्मिला देवी ने 11 अक्टूबर 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके घर के सामने बंधी दो पड़ियों को अज्ञात व्यक्ति खोलकर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पशु चोरी के मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शिवली पुलिस ने राजपुर तिराहे के पास रास्ते से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनकी पहचान इरफान पुत्र रफीक मजहूम, निवासी मकनपुर, थाना अरौल, कानपुर नगर, हाल निवासी नई बस्ती कोठी कछार, मंधना और शान मोहम्मद पुत्र रज्जाक, निवासी नई बस्ती कोठी कछार, मंधना के रूप में हुई।
पुलिस ने पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से पशु चोरी की घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 15 और 16 सितंबर की दरमियानी रात हृदयपुर जोगी डेरा गांव से दो पड़ियां चोरी की थीं। इसके बाद दोनों पशुओं को टिकरा के पास एक अज्ञात व्यक्ति को 45 हजार रुपये में बेच दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह रकम पशुओं को बेचने के बाद बची हुई धनराशि है। आरोपियों ने बताया कि दोनों के हिस्से में 10-10 हजार रुपये आए थे।
पुलिस द्वारा की गई जांच में इरफान का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ औरैया जिले में पांच, कानपुर नगर में एक और कानपुर देहात में एक मुकदमा दर्ज है। वहीं, शान मोहम्मद के खिलाफ कानपुर देहात के अलग-अलग थानों में तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पशु चोरी के इस मामले में कार्रवाई करने वाली टीम में शिवली थाना प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उप निरीक्षक योगेंद्र कुमार शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 13 October 2026, 8:26 PM IST