Kanpur News: हेलमेट नहीं था, मौत सामने थी, दो बाइकों की टक्कर ने छीनी दो जिंदगियां

कानपुर देहात के डेरापुर-रूरा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में हेलमेट न पहनना जानलेवा साबित हुआ।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 21 June 2026, 4:08 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के डेरापुर-रूरा मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गलुवापुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

दरअसल, बलादीपुरवा गांव निवासी जयप्रकाश (60) रविवार सुबह शाहजादेपुर (जालौन) से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे गलुवापुर गांव के पास आम के बाग के सामने उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर बदनपुर गांव निवासी चिंटू नायक (40) और जगदेव (23) सवार थे, जो अपनी बहन के घर से वापस लौट रहे थे।

तीनों गंभीर रूप से घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डेरापुर भेजा गया।

सीएचसी में चिकित्सक डॉ. वरुण द्विवेदी ने जयप्रकाश और चिंटू नायक को मृत घोषित कर दिया। वहीं जगदेव की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हेलमेट न पहनना बना जानलेवा

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। माना जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हादसा जानलेवा साबित हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

परिवारों में मचा कोहराम

मृतक जयप्रकाश खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक बीएसएफ में जवान है जबकि दूसरा खेती में उनका सहयोग करता है। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी फूलकली और बेटे शिवम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं चिंटू नायक के परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।

Kanpur News: पीर बाबा’ के नाम पर ठगी, जानें कैसे दिया महिला को झांसा?

पुलिस ने शुरू की जांच

थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और हेलमेट पहनने को लेकर जागरूकता बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Location :  Kanpur

Published :  21 June 2026, 4:08 PM IST

Advertisement