
करोड़पति कारोबारी हत्याकांड में बहू के बाद अब बेटा गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Kanpur: कानपुर के करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस जांच ने अचानक नया मोड़ ले लिया है। 63 वर्षीय विनीत की हत्या के मामले में उनकी बहू शालू के बाद अब बेटे सुब्रत को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सुब्रत की गिरफ्तारी नौकर विशाल के पूछताछ में दिए गए बयान के बाद हुई है। हालांकि, सुब्रत ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नौकर विशाल ने दावा किया कि विनीत की हत्या के पीछे सुब्रत का हाथ था। विशाल ने कथित तौर पर बताया कि सुब्रत ने उसे हत्या के लिए तैयार किया और पकड़े जाने पर शालू का नाम लेने को कहा था। पुलिस के मुताबिक, उसे इसके बदले छह लाख रुपये देने की बात कही गई थी।
बुधवार को पुलिस ने शालू, विशाल और उसके साथी राजकिशोर को पूछताछ के लिए आमने-सामने बैठाया। इसी दौरान शालू का अपने पति सुब्रत से भी सामना कराया गया। सूत्रों के मुताबिक, पति को देखते ही शालू भावुक हो गई और रोते हुए कहा कि उसे फंसा दिया गया है। पूछताछ के दौरान शालू की नजरें लगातार सुब्रत पर थीं, लेकिन पुलिस के मुताबिक सुब्रत ने उसकी तरफ देखने से परहेज किया। शालू ने पहले भी अपने ससुर की हत्या में शामिल होने से इनकार किया था। उसने कहा कि विनीत से उसके अच्छे संबंध थे और बीमारी के कारण वह उनका ख्याल रखती थी।
ये भी पढ़ें- जब थाने के बाहर धरने पर बैठ गए बेजुबान! देवरिया में आवारा कुत्तों का जमावड़ा बना चर्चा का विषय, देखें तस्वीरें
पुलिस पूछताछ में विशाल ने कथित तौर पर बताया कि हत्या से पहले सुब्रत ने उसे फोन किया था। आरोप है कि उसे ऐसी योजना के बारे में बताया गया था, जिससे मौत सामान्य दिखाई दे। विशाल के मुताबिक, वह राजकिशोर के साथ विनीत के फ्लैट में पहले से छिपा था। योजना के तहत तकिए से उनका मुंह दबाने की बात थी। लेकिन विनीत ने कमरे की लाइट जलाई और दोनों को देख लिया। इसके बाद शोर मचाने पर विशाल ने चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन सुब्रत ने विशाल को कई बार फोन किया था। हालांकि, पूछताछ में सुब्रत ने इन आरोपों को मानने से इनकार कर दिया और कहा कि उसने कभी विशाल को हत्या के लिए नहीं कहा।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि सुब्रत पर करीब 15 लाख रुपये का कर्ज था। पुलिस इस आर्थिक दबाव को भी जांच का हिस्सा मान रही है। 5 सितंबर की रात विनीत की उनके फ्लैट में हत्या हुई थी। पुलिस के अनुसार, विशाल और राजकिशोर ने उन पर चाकू से कई वार किए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान की थी। गिरफ्तारी के बाद विशाल ने पहले शालू का नाम लिया था। अब उसके बयान में सुब्रत का नाम सामने आने से केस की दिशा बदल गई है।
ये भी पढ़ें- अब तो हद ही हो गई! पहले गंदी बातें, फिर कार से पीछा… दिल्ली के मुखर्जी नगर में छात्रा के साथ ये क्या हुआ?
जांच के दौरान पुलिस विशाल को रतन ऑर्बिट इलाके में ले गई, जहां कथित तौर पर भागते समय चाबी फेंकी गई थी। पुलिस ने वहां एक खाली प्लॉट से चाबी बरामद करने की बात कही है। वहीं, राजकिशोर की निशानदेही पर सेंट्रल स्टेशन के पास से कथित तौर पर खून से सनी पैंट और काला गमछा बरामद किया गया। पुलिस अब इन सभी कड़ियों को जोड़कर हत्या की पूरी कहानी सामने लाने की कोशिश कर रही है। पूछताछ की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम आरोपियों से कई सवालों के जवाब ले रही है।
Location : Kanpur
Published : 24 September 2026, 2:36 PM IST