
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Chatra: झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भाकपा माओवादी संगठन को फिर से सक्रिय करने की कोशिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दो संदिग्ध युवकों को हथियार, जिंदा कारतूस और आगजनी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने ऐसे खुलासे किए, जिनसे साफ हो गया कि वे इलाके में दहशत फैलाने की तैयारी में थे।
मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक कुन्दा से प्रतापपुर-जोरी होते हुए भुईयांडीह घाटी की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई।
पुलिस ने प्रतापपुर-कुन्दा मुख्य मार्ग पर बलवादोहर गांव के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कुन्दा की ओर से आ रही एक बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक तेज रफ्तार से भगाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें- श्रावणी मेले के पहले सोमवार पर देवघर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 4 लाख श्रद्धालुओं की दस्तक से प्रशासन अलर्ट
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुन्दा थाना क्षेत्र के कोजरम निवासी सुरेन्द्र गंझू (22) और करिल गड़वा निवासी संजय गंझू (20) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे भाकपा माओवादी संगठन के जोनल कमांडर मनोहर गंझू के निर्देश पर भुईयांडीह घाटी में फायरिंग कर मालवाहक वाहनों में आग लगाने जा रहे थे। उनका मकसद इलाके में दहशत फैलाना और यह दिखाना था कि माओवादी संगठन अभी भी सक्रिय है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में लगभग खत्म हो चुके माओवादी नेटवर्क को फिर से खड़ा करने की कोशिश की जा रही थी। इसके लिए नए युवकों को संगठन से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा था। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें- श्रद्धा के नाम पर ये कैसी लापरवाही? श्रावणी मेले में 10 टन एक्सपायर्ड आटा मिलने से मचा हड़कंप
गिरफ्तार दोनों आरोपियों की तलाशी में पुलिस ने एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, करीब एक लीटर पेट्रोल, एक माचिस, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। अब पुलिस उसके पुराने मामलों के साथ-साथ माओवादी संगठन से जुड़े अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
Location : Chatra
Published : 4 August 2026, 7:02 PM IST