तिलक समारोह में गया था परिवार, लौटे तो उड़ गए होश… फौजी के घर क्यों मचा हड़कंप?

चतरा के एक गांव में कुछ घंटों के लिए बंद पड़े घर को चोरों ने ऐसा निशाना बनाया कि परिवार के होश उड़ गए। घर लौटते ही टूटे ताले, बिखरा सामान और खाली अलमारियां देखकर परिजन सन्न रह गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 June 2026, 4:57 PM IST

Chatra: चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित दारियातू पंचायत के कमात गांव में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने कुछ ही घंटों के लिए बंद पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित रंजीत सिंह ने सदर थाना में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करने और जल्द कार्रवाई की मांग की है।

तिलक समारोह में गया था परिवार

रंजीत सिंह के अनुसार, 19 जून की शाम करीब चार बजे वह परिवार के साथ पलामू जिले के पांकी में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। घर को अच्छी तरह बंद कर वे कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। रात करीब 2:50 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पहुंचते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरों के ताले टूटे पड़े थे और पूरा सामान बिखरा हुआ था। अलमारियों और गोदरेज के लॉक भी तोड़ दिए गए थे।

गहनों से लेकर नकदी तक सब ले गए चोर

परिजनों के मुताबिक, चोर घर से सोने और चांदी के कई कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में मंगलसूत्र, सोने की बालियां, अंगूठियां, सोने का सिक्का, चेन, झुमके, चांदी के पायल, सिक्के, बर्तन और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखी नकदी भी चोर अपने साथ ले गए। पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई है।

Bareilly News: पति रचता था साजिश, वकील पत्नी देती थी कानूनी ढाल, जानिए कैसे लोगों को फंसाकर लाखों ऐंठता था बर्खास्त सिपाही

संदिग्ध वाहन पर टिकी गांव वालों की नजर

घटना के बाद गांव में एक संदिग्ध चार पहिया वाहन की चर्चा भी शुरू हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी वाली रात एक वाहन घर के आसपास घूमता देखा गया था। वाहन में कुछ लोगों के होने की भी जानकारी मिली है। रंजीत सिंह ने पुलिस को कुछ संदिग्ध लोगों और वाहन से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई है। उन्हें आशंका है कि चोरी की घटना में उसी वाहन में सवार लोगों का हाथ हो सकता है।

एयरफोर्स जवान के घर चोरी से बढ़ी चिंता

गौरतलब है कि पीड़ित परिवार का छोटा बेटा सतीश सिंह भारतीय वायुसेना में कार्यरत है और वर्तमान में आगरा में तैनात है। ऐसे परिवार के घर में हुई बड़ी चोरी ने इलाके के लोगों को भी हैरान कर दिया है।

महाराष्ट्र के हनुमान मंदिर में बड़ा हादसा! दर्शन करने उमड़ी भीड़ पर गिरी छत, कई लोगों के दबे होने की आशंका

पुलिस ने जांच तेज की

मामले को लेकर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों स्रोतों की मदद ली जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर चोरी में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा

Location :  Chatra

Published :  20 June 2026, 4:56 PM IST