यूपी के डॉन रहे अतीक अहमद के परिवार को एक और झटका, छोटे बेटे की दर्दनाक मौत

झांसी में अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। आइए जानते हैं पूरी खबर...

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 6 August 2026, 1:01 PM IST

Jhansi: माफिया से नेता बने अतीक अहमद के परिवार के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। गुरुवार को झांसी हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब अबान और उसके साथी झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। इस दुर्घटना में सोनू खान की भी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रयागराज के फाफामऊ के रहने वाले अहजम (28), मोहम्मद जैद (30), उमर (24), अबान अहमद और सोनू खान एक कार से झांसी के लिए निकले थे। जब गाड़ी पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हाईवे पर पहुंची, तो तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और कार सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई।

कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चश्मदीदों के अनुसार, हादसा बहुत भयानक था। अबान अहमद और सोनू खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

Location :  Jhansi

Published :  6 August 2026, 12:45 PM IST