
झांसी गैंग रेप केस (Img: X)
Jhansi: उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी में एक युवती घर से निकली थी, लेकिन कुछ घंटों बाद उसके परिवार के सामने ऐसी खबर आई, जिसने पूरे घर को झकझोर दिया। आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो व फोटो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी से वह इतनी भयभीत हुई कि उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामला झांसी के गुरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां 19 वर्षीय बीए छात्रा के साथ छह युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर मुख्य आरोपी सुशील समेत छह युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Jhansi Express की चपेट में आए JE मनोज, कट गए दोनों पैर; आखिरी सांस तक नहीं हारी हिम्मत, फोन कर बताई पूरी बात
परिजनों के मुताबिक, छात्रा सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर से बाहर निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही सुशील उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने कथित तौर पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने घटना के दौरान छात्रा की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए। बाद में इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। इसी बात को लेकर छात्रा काफी डरी हुई थी।
परिवार का कहना है कि घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। आरोपियों की ओर से वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी मिलने के बाद उसने मंगलवार तड़के जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी सुशील कथित तौर पर पहले भी छात्रा से छेड़खानी करता था। हालांकि, इस संबंध में पहले पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई थी।घटना सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के दौरान कौन-कौन लोग मौजूद थे और कथित वीडियो-फोटो के संबंध में क्या तथ्य सामने आते हैं।
ये भी पढ़ें: Jhansi-Kanpur Highway: आखिर कब थमेगा हादसों का सिलसिला? अन्ना बछड़े से टकराई बाइक, युवक गंभीर
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी विकास कुमार और एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार के मुताबिक, पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी समेत पांच युवकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। शव का चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस अब हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Location : Jhansi
Published : 23 September 2026, 1:53 PM IST