सीतापुर में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार; हथियारों का जखीरा बरामद

सीतापुर में कोतवाली नगर पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 315 और 12 बोर के बने-अधबने तमंचे, कारतूस, बाइक और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अब असलहे खरीदने वालों की भी पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 8 August 2026, 4:48 PM IST

Sitapur: अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल-झाड़ियों के बीच हथियारों का कारखाना चल रहा था। बाहर से सब कुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन अंदर मोमबत्ती की रोशनी में तमंचे तैयार किए जा रहे थे। पुलिस को इसकी भनक लगी तो कोतवाली नगर पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पहले बाइक की डिग्गी से तीन चालू तमंचे मिले और फिर एक आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों के बीच चल रही कथित अवैध असलहा फैक्ट्री तक पुलिस पहुंच गई। मौके से दो हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

चेकिंग के दौरान बाइक सवार को दबोचा

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली नगर पुलिस और SOG की टीम इलाके में गश्त और संदिग्ध लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान इमरान उर्फ कालिया पुत्र अमीन उर्फ आमीन के रूप में हुई। वह थाना तंबौर क्षेत्र के ड्योढ़ी डीह गांव का रहने वाला बताया गया है।

निशानदेही पर झाड़ियों में मिली हथियार फैक्ट्री

तीन तमंचे मिलने के बाद पुलिस ने इमरान से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि उसकी निशानदेही पर टीम ग्रास फील्ड के पास घनी झाड़ियों तक पहुंची। यहां पुलिस को कथित तौर पर अवैध तरीके से तमंचे तैयार किए जाने के सबूत मिले। पुलिस के मुताबिक, अंधेरे में मोमबत्ती की रोशनी के सहारे हथियार तैयार किए जा रहे थे। मौके से पुलिस ने निसार पुत्र मेंहदी को गिरफ्तार कर लिया।

सीतापुर में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर सफाई कर रही महिला की करंट लगने से मौत, लोहे की रॉड बनी जानलेवा

बने-अधबने तमंचों का मिला जखीरा

पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और उन्हें तैयार करने का सामान बरामद किया है। बरामदगी में 315 बोर के तीन चालू तमंचे, 12 बोर के चार अधबने तमंचे और 315 बोर का एक अर्धनिर्मित तमंचा शामिल बताया गया है। इसके अलावा पांच जिंदा कारतूस और पांच खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने मौके से एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है, जिस पर कूटरचित नंबर प्लेट लगी थी। एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

तमंचे बनाने के उपकरण भी बरामद

पुलिस को मौके से हथियार तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले हैं। इनमें भट्ठी, धौंकनी, वर्मा मशीन, रिंच, छैनी, हथौड़ा, रेती, लोहे की नाल और फ्रेम समेत तमंचे बनाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान शामिल है।

अब हथियार खरीदने वालों की भी तलाश

कार्रवाई के बाद पुलिस कप्तान ने अवैध असलहा कारोबार को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब सिर्फ हथियार बनाने वाले आरोपियों तक अपनी जांच सीमित नहीं रखना चाहती। जिन लोगों ने इन आरोपियों से अवैध तमंचे और अन्य हथियार खरीदे हैं, उनकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एक लाइन काफी थी तो दूसरी क्यों? सीतापुर में किसानों और व्यापारियों का हल्लाबोल, जानिए पूरी कहानी

गैंगस्टर एक्ट और संपत्ति जब्ती की तैयारी

पुलिस कप्तान ने कहा है कि अवैध असलहा कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अपराध के जरिए अर्जित की गई संपत्तियों को भी चिन्हित किया जाएगा।

इमरान पर करीब दो दर्जन मुकदमे

पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी इमरान उर्फ कालिया के खिलाफ सीतापुर समेत अलग-अलग थानों में करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी निसार के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

Location :  Sitapur

Published :  8 August 2026, 4:48 PM IST