बड़ी खबर: कर्नाटक से लापता IAS ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार का 3 दिन बाद यूपी में मिला सुराग, इमरजेंसी में गये होम टाउन

कर्नाटक से लापता आईएएस अफसर ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के उत्तर प्रदेश के बरेली में होने की जानकारी सामने आई है। गंगवार को 20 अगस्त से कथित तौैर पर लापता बताया रहा है और आखिरी बार उनको एयरपोर्ट पर देखा गया था। लेकिन अब स्थिति साफ हो चुकी है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 22 August 2026, 7:49 PM IST

New Delhi: कर्नाटक से लापता 2026 बैच के आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार की जारी खोजबीन के बीच इस मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। तीन दिन बाद आईएएस ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार का सुराग उत्तर प्रदेश में मिला है। बताया जा रहा है कि गंगवार अपने होम टाउन में बरेली में मौजूद हैं और वे किसी इमरजेंसी स्थिति में अपने घर गये।

कर्नाटक के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में MSME के निदेशक पद पर कार्यरत ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को 20 अगस्त को आखिरी बार बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ट्रेस किया गया था। उसके बाद से उनके कथित तौर पर लापता होने की खबरें सामने आईं। लेकिन अब स्थिति साफ हो चुकी हैं और उनके उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी सामने आई है।

डाइनामाइट न्यूज़ को एक सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार आईएएस ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को शनिवार को बरेली में देखा गया है। हालांकि उनका मोबाइल बंद होने के कारण गंगवार से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

इमरजेंसी में गये होम टाउन

आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं। वे मूल रूप से बरेली के नवाबगंज तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम हिमकरपुर (चमरौआ) के निवासी हैं। माना जा रहा है कि किसी इमरजेंसी की स्थिति में वो अपने होम टाउन चले गये लेकिन ऑफिशियल फोन से संपर्क न होने के कारण उनकी स्थिति साफ नहीं हो सकी। इस कारण उनको कथित तौर पर लापता बताया गया। लेकिन अब स्थिति साफ हो चुकी है।

प्रियांक खरगे ने की पुष्टि

कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने अबसे थोड़ी देर पहले सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के अपने होम टाउन में होने की पुष्टि की।

कुछ भ्रम और अटकलें पैदा हुईं

प्रियांक खरगे ने एक्स पर लिखा “ऐसी खबरें आई हैं कि कर्नाटक में एक IAS अधिकारी लापता हो गए हैं। बाद में संबंधित अधिकारी ने सरकार से संपर्क किया और साफ़ किया कि परिवार में किसी ज़रूरी काम की वजह से उन्होंने छुट्टी ली थी और उन्हें तुरंत अपने गृहनगर जाना पड़ा था। इस दौरान वे अपने सरकारी फ़ोन पर उपलब्ध नहीं थे, जिससे उनके ठिकाने को लेकर कुछ भ्रम और अटकलें पैदा हुईं। अब वे सरकार के संपर्क में हैं और उन्होंने स्थिति स्पष्ट कर दी है”।

जानकारी के मुताबिक आईएएस ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार ने दिल्ली जाने के लिए फ्लाइट का टिकट भी बुक कराया था। केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ट्रेस किए जाने के बाद भी उनके दिल्ली या अन्य किसी जगह पहुंचने या होने की कोई जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। 20 अगस्त के बाद से उनका विभाग, परिवार और अन्य लोग भी उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।

Location :  New delhi

Published :  22 August 2026, 6:46 PM IST