पत्नी रोकती रही, लेकिन नहीं माना चेतन; तीन बेटियों के पिता ने बात करते-करते क्यों दी जान?

हरियाणा के झज्जर जिले में एक युवक ने पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए आत्महत्या कर ली। पत्नी उसे रोकने की कोशिश करती रही, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 18 September 2026, 9:29 AM IST

झज्जर: हरियाणा के झज्जर जिले के छोटूराम नगर में एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के लालपुर गांव निवासी 31 वर्षीय चेतन सिंह किराये के मकान में अकेले रह रहा था। उसने देर रात अपनी पत्नी को वीडियो कॉल की और इसी दौरान आत्महत्या कर ली।

घटना के समय उसकी पत्नी लगातार उसे ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए समझाती रही, लेकिन चेतन ने उसकी बात नहीं मानी। पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

बहादुरगढ़ में नौकरी करता था चेतन

पुलिस के मुताबिक, चेतन सिंह अपने परिवार से दूर रहकर बहादुरगढ़ की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसकी पत्नी और तीन बेटियां उत्तर प्रदेश के गांव में रहती थीं, जबकि वह काम के कारण छोटूराम नगर में अकेला किराये के मकान में रहता था।

परिवार के अनुसार, चेतन की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।

पत्नी ने दी 112 नंबर पर सूचना

पुलिस जांच में सामने आया कि चेतन ने पहले पत्नी को फोन किया और फिर अचानक वीडियो कॉल शुरू कर दी। वीडियो कॉल के दौरान ही उसने आत्महत्या करने का प्रयास किया।

पत्नी ने उसे रोकने के लिए काफी समझाया और खुद को संभालने की अपील करती रही। जब उसे लगा कि चेतन उसकी बात नहीं सुन रहा है तो उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को 112 नंबर पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही लाइनपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे खुलवाकर पुलिस अंदर दाखिल हुई।

आत्महत्या के कारणों की तलाश जारी

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच के लिए FSL टीम को बुलाया। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Location :  Haryana

Published :  18 September 2026, 9:29 AM IST