UP MP-MLA Clash: यूपी में सियासी बवाल, भिड़ पड़े सांसद और विधायक, जानिये मंच कैसे बना अखाड़ा

बांदा के सपा कार्यालय में छत्रपति साहूजी महाराज की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद कृष्णा देवी और विधायक विशंभर यादव के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों नेताओं ने बाद में किसी विवाद से इनकार किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 June 2026, 2:58 PM IST

Banda: बांदा जिले के कालूकुआं स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को छत्रपति साहूजी महाराज की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गर्म हो गया, जब सपा सांसद कृष्णा देवी और विधायक विशंभर यादव के बीच मंच पर ही कहासुनी हो गई। कार्यक्रम में चल रहे भाषण के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई तीखी बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

विधायक के बयान पर भड़कीं सांसद

जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान सपा विधायक विशंभर यादव अपने संबोधन में सांसद कृष्णा देवी के विरोध में कुछ बातें कह रहे थे। बताया जा रहा है कि विधायक की बातों से नाराज होकर सांसद ने आपत्ति जताई। वायरल वीडियो में सांसद कहती हुई नजर आ रही हैं कि उन्हें सिर्फ बेइज्जत करना आता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी नेतृत्व को इस मामले की जानकारी दे चुकी हैं और उनके साथ जो हो रहा है, उसके लिए विधायक जिम्मेदार हैं।

दोनों नेताओं में हुई बहस

सांसद की बात पर विधायक भी नाराज हो गए। वीडियो में विधायक उंगली दिखाते हुए सांसद से तमीज से बात करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। विधायक ने कहा कि उन्होंने सांसद का नाम नहीं लिया है और बदतमीजी नहीं करनी चाहिए। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक बहस होती रही। मौके पर मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव करते हुए दोनों नेताओं को शांत कराया।

रिश्ते हुए शर्मसार, खाकी पर उठे सवाल! पिता बना जल्लाद?… बांदा थाना परिसर में शिवानी हत्याकांड का पढ़ें खौफनाक सच

करीब 20 मिनट तक बना रहा माहौल गर्म

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर करीब 20 मिनट तक गहमागहमी बनी रही। इस दौरान दोनों नेताओं के समर्थक भी एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हो गई और कार्यक्रम आगे जारी रहा।

नेताओं ने विवाद से किया इनकार

मामला सामने आने के बाद सपा विधायक विशंभर यादव ने कहा कि किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी की सांसद हैं और अगर कोई बात गलत लगी तो सिर्फ उन्हें समझाया गया है। वहीं सांसद कृष्णा देवी ने भी विवाद की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कोई विवाद नहीं हुआ है।

लखनऊ अग्निकांड के बाद बांदा में बड़ा एक्शन! अस्पतालों और कोचिंग सेंटरों में मिलीं खामियां, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

जिलाध्यक्ष बोले- वीडियो वायरल करने वाले की रिपोर्ट भेजेंगे

सपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि भाजपा चंदा चोरी के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए पार्टी के कार्यक्रम का वीडियो वायरल करवा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच कोई विवाद नहीं था। वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिसने भी वीडियो वायरल किया है, उसकी रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय को भेजी जाएगी।

Location :  Banda

Published :  27 June 2026, 2:58 PM IST