
हाथरस में झोलाछाप के चक्कर में गई एक जान (Img: Dynamite News)
Hathras: जिले के सासनी कस्बे में कथित झोलाछाप के यहां गर्भपात कराने की कोशिश के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से विवाहिता की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में खलबली मच गई।
बुधवार देर शाम प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सासनी के मोहल्ला कस्सावान स्थित आरोपित दाई के क्लीनिक को तलाश कर सील कर दिया। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दाई के क्लीनिक को किया सील
जानकारी के मुताबिक, सासनी क्षेत्र के गांव रुदायन निवासी शबाना की गर्भपात कराने की कोशिश के दौरान हालत बिगड़ गई थी। परिजनों के मुताबिक, वह गर्भपात के लिए सासनी कस्बे के मोहल्ला कस्सावान स्थित एक कथित झोलाछाप चिकित्सक के संपर्क में आए थे। यहां गर्भपात की दवा दिए जाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे दोबारा संबंधित क्लीनिक पर लेकर पहुंचे, जहां गर्भपात का प्रयास किए जाने के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत गंभीर होने पर महिला को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने कथित झोलाछाप चिकित्सक पर गलत तरीके से दवा देने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। महिला अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गई है।
US Citizenship Rule: ट्रंप को फिर लगा झटका, जन्मसिद्ध नागरिकता पर नए आदेश को अदालत ने किया खारिज
इधर, सीएमओ डॉक्टर वेद प्रकाश ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर मामला संज्ञान में आया था। प्रारंभिक जानकारी में एक दाई द्वारा गर्भपात का प्रयास किए जाने और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते महिला की मौत होने की बात सामने आई है। इसके बाद उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्रवीण भारती, तहसीलदार सासनी, एमओआईसी डॉक्टर पंकज कुमार और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने संबंधित क्लीनिक की तलाश की। क्लीनिक की पहचान होने के बाद उसे सील कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की शिकायत और मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Hathras
Published : 26 November 2026, 11:01 AM IST