बच्चों ने बनाया वीडियो और लगाई गुहार… 2 दिन में बदल गई तस्वीर! हाथरस के DM ने ऐसा क्या किया कि चेहरे पर लौट आई खुशी?

हाथरस में जलभराव से परेशान स्कूली बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो डीएम अतुल वत्स ने तत्काल संज्ञान लिया। दो दिन के भीतर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलभराव की समस्या दूर कराई। क्षतिग्रस्त गली में नई सड़क बनवाने का भी आश्वासन दिया गया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 August 2026, 2:56 PM IST

Hathras: शहर के नया नगला विष्णुपुरी इलाके में जलभराव से परेशान स्कूली बच्चों की एक अपील ने प्रशासन का ध्यान खींचा। बच्चों ने वीडियो बनाकर अपनी परेशानी बताई और जिलाधिकारी अतुल वत्स से गली की समस्या दूर कराने की गुहार लगाई। वीडियो सामने आने के बाद डीएम ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और महज दो दिन में जलभराव की समस्या का समाधान करा दिया।

मामला बिजली कॉटन मिल रेलवे फाटक के पास का है, जहां लंबे समय से रास्ते में पानी भरा होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी।

गंदे पानी से होकर स्कूल जाने की मजबूरी

बच्चों ने वीडियो में बताया था कि रास्ते में जलभराव के कारण स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है। गली में भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता था। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों को होती थी, जिन्हें स्कूल पहुंचने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ता था।

बच्चों की यह अपील सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो मामला जिलाधिकारी अतुल वत्स के संज्ञान में पहुंचा। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।

डीएम ने एडीएम को मौके पर भेजा

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने तत्काल अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया। एडीएम ने मौके पर पहुंचकर जलभराव और क्षतिग्रस्त गली की स्थिति देखी। निरीक्षण के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी को दी।

रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पानी की निकासी कराने और लोगों की समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।

दो दिन में दूर हुआ जलभराव

प्रशासनिक निर्देश के बाद मौके पर कार्रवाई की गई और जलभराव की समस्या दूर करा दी गई। इससे स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली। साथ ही क्षतिग्रस्त गली को बेहतर बनाने के लिए नई सड़क बनवाने का भी आश्वासन दिया गया है। नई सड़क बनने के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि बारिश के दौरान जलभराव और खराब रास्ते की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।

गांव या नरक? मदारपुर में नालियों की अनदेखी पड़ी भारी, घरों में घुसा गंदा पानी, जनजीवन ठप

बच्चों के चेहरे पर लौटी खुशी

समस्या दूर होने के बाद स्कूली बच्चों ने जिलाधिकारी अतुल वत्स का आभार जताया। छात्राओं दिव्या और संध्या ने कहा कि उन्होंने अपनी परेशानी प्रशासन तक पहुंचाने के लिए वीडियो बनाया था। अब रास्ते से पानी हटने के बाद उन्हें स्कूल आने-जाने में पहले जैसी परेशानी नहीं होगी। स्थानीय युवती चंचल ने भी प्रशासन की कार्रवाई पर खुशी जताई।

Chanakya Niti: क्या आपकी पत्नी में हैं ये 5 खूबियां? चाणक्य नीति के अनुसार ऐसी जीवनसंगिनी से संवर जाता है पूरा परिवार

सोशल मीडिया की अपील पर त्वरित एक्शन

इस पूरे मामले में खास बात यह रही कि बच्चों की एक छोटी-सी वीडियो अपील प्रशासन तक पहुंची और अधिकारियों ने बिना देरी किए मौके पर कार्रवाई शुरू कर दी। दो दिन में जलभराव दूर होने से बच्चों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है।

डीएम अतुल वत्स की ओर से दिए गए निर्देशों के बाद हुई कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन सोशल मीडिया के जरिए सामने आने वाली शिकायतों पर भी गंभीरता से ध्यान दे रहा है।

Location :  Hathras

Published :  7 August 2026, 2:56 PM IST