Hathras: हाथरस में दबंगों की करतूत से शर्मसार हुई मानवता, सरेआम युवक के साथ घिनौनी हरकत

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ दबंगों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की, उसे सड़क पर घसीटा और उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 18 August 2026, 1:15 PM IST

Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस से बर्बरता की एक ऐसी खौफनाक तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया है। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के बाजिदपुर गांव में बेखौफ दबंगों ने एक युवक को न केवल लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से पीटा, बल्कि गले में गमछा बांधकर सड़क पर घसीटते हुए अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

डंडों और सरियों से की गई मारपीट

पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने युवक पर लात-घूंसों, डंडों और लोहे की सरियों से हमला किया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वायरल वीडियो में युवक के गले में गमछा डालकर उसे घसीटते हुए भी देखा जा रहा है। साथ ही उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।

यह भी पढ़ें: Hathras: शहीद स्मारक पर शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के नारों से गूंजा माहौल

घायल युवक को किया गया रेफर

मारपीट के बाद घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

यह भी पढ़ें: Hathras: खेत में पानी के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, दम्पति पर हमला, फायरिंग का भी आरोप

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पीड़ित के पिता शिव कुमार का आरोप है कि आरोपियों से उनके बेटे का पहले से मुकदमा चल रहा है। मुकदमा खत्म करने का दबाव बनाया जा रहा था और इसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी जाते समय उनके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दे गए।

मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि वायरल वीडियो और पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Hathras

Published :  18 August 2026, 1:13 PM IST