
मस्जिद ढहाए जाने के विरोध में CPI का प्रदर्शन(IMG: Dynamite News)
Hathras: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मस्जिद ढहाए जाने के विरोध में हाथरस में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी यानी CPI के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला सचिव विनोद करोतिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपर जिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ नाराजगी जताई।
CPI नेताओं ने आरोप लगाया कि सहारनपुर में मस्जिद को बिना अग्रिम नोटिस और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए ढहा दिया गया। पार्टी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सहारनपुर मस्जिद तोड़ने के बाद हाईकोर्ट का आदेश, 6.41 करोड़ की वसूली पर रोक; UP सरकार से मांगा जवाब
प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। CPI कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में ‘जंगलराज’ और ‘अघोषित आपातकाल’ जैसे हालात होने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि आम नागरिकों और धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में प्रशासन को निष्पक्ष और कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करनी चाहिए।
CPI ने विपक्षी नेताओं को नजरबंद किए जाने और उनसे व्यक्तिगत बायोडाटा मांगे जाने का भी विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ बताया।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान CPI कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल से पूरे मामले की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे।
Location : Hathras
Published : 15 September 2026, 8:00 PM IST