
जमीन विवाद में युवक की हत्या (Image Source: Dynamite news)
Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली क्षेत्र के बिसाना गांव में बुधवार रात जमीन और संपत्ति के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर अपने दोस्त के साथ खड़े 22 वर्षीय मानवेंद्र पर हथियारबंद हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मानवेंद्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त समीर उर्फ लाला गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बिसाना गांव निवासी मानवेंद्र पुत्र राजकुमार बुधवार रात करीब आठ बजे अपने घर के बाहर मौजूद था। उस समय उसके साथ गांव बढ़ार, सादाबाद निवासी दोस्त समीर उर्फ लाला भी था। इसी दौरान हथियारों से लैस कुछ लोग वहां पहुंचे। बताया गया है कि पहले उनके बीच कहासुनी हुई और इसके बाद हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से मानवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। समीर को भी गोली लगी।
परिजन दोनों घायलों को तत्काल हाथरस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मानवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। समीर की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
ये भी पढ़े: हाथरस में दिवार तोड़कर 1.60 लाख की भैंस खूंटे से खोल ले गए चोर
घयलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया (Image Source: Dynamite news)
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और वहां का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। अपर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे।
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे संपत्ति और जमीन का विवाद सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन-चार लोग पीड़ित के घर पहुंचे थे। वहां विवाद होने के बाद उनमें से एक व्यक्ति ने गोली चला दी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत कई टीमें गठित की हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। पुलिस की टीमें हमलावरों तक पहुंचने के लिए जुटी हुई हैं।
घटना के बाद जिला अस्पताल में मृतक के परिजनों ने नाराजगी जताई। मानवेंद्र की मां अंजना और चाचा महाराज सिंह ने चंदपा पुलिस पर आरोप लगाया कि उन्होंने पहले भी शिकायत की थी, लेकिन उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले दूसरे पक्ष के लोगों ने मानवेंद्र को निशाना बनाकर फायरिंग की थी। इस घटना की शिकायत पुलिस से की गई थी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण हमलावरों के हौसले बढ़े। उन्होंने एसपी के सामने अपनी बात रखते हुए न्याय की मांग की। हालांकि, पहले की शिकायत और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच होनी बाकी है।
ये भी पढ़े: आसमान छूती लपटें और एक के बाद एक धमाके, हाथरस में पुलिस क्वार्टर के पास आग के तांडव ने उड़ाए होश
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण (Image Source: Dynamite news)
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने परिजनों को उनके आरोपों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। एक युवक की मौत और उसके दोस्त के गंभीर रूप से घायल होने के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
Location : Hathras
Published : 12 November 2026, 9:58 AM IST