पापा फंदे से लटके थे, मम्मी चिल्ला रही थी और मासूम बनाता रहा वीडियो, आखिर कैसे खूबसूरत लव मैरिज को लगा ग्रहण?

गुरुग्राम में प्रेम विवाह के सात साल बाद एक युवक का शव घर में फंदे से लटका मिला। पत्नी ने तलाक की मांग की थी और घटना के समय सात साल का बेटा भी घर में मौजूद था। मृतक के परिवार ने आत्महत्या की बात पर सवाल उठाते हुए हत्या का आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 August 2026, 2:45 PM IST

Gurugram: गुरुग्राम के सूरत नगर इलाके में प्रेम विवाह के सात साल बाद एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले 36 वर्षीय संजीव यादव का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। घटना के समय घर में उनकी पत्नी मनप्रीत कौर और सात साल का बेटा मौजूद था। बेटे ने पिता को फंदे पर लटका देखकर मोबाइल से वीडियो बना लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिवार ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

तलाक को लेकर चल रहा था विवाद

मृतक की पहचान संजीव यादव के रूप में हुई है। वह डेन्सो कंपनी में एसोसिएट ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले संजीव गुरुग्राम के सूरत नगर में पत्नी और बेटे के साथ रहते थे। परिजनों के मुताबिक, संजीव और उनकी पत्नी मनप्रीत के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। परिवार का दावा है कि मनप्रीत ने संजीव से तलाक मांगा था, जिसके बाद दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ गया था।

संजीव की बहन किरण ने कहा कि उनका भाई आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता था। उन्होंने मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- बिन मां के बच्चे से ऐसी क्या दुश्मनी… गोरखपुर में मौसा की दुकान पर जाते समय मासूम की हत्या, 15 साल का किशोर भी घायल

बेटे ने बनाया वीडियो

पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर में केवल संजीव, उनकी पत्नी और सात वर्षीय बेटा मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बच्चे ने पिता को फंदे से लटका देखा तो मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में मनप्रीत की आवाज भी सुनाई दे रही है। वह किसी को संजीव को नीचे उतारने के लिए कहती नजर आ रही हैं। हालांकि, पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले घर में क्या हुआ था।

घटना के बाद मनप्रीत ने दोनों पक्षों के परिवार के लोगों को फोन कर संजीव के आत्महत्या करने की जानकारी दी थी।

परिवार ने उठाए मौत पर सवाल

संजीव के पिता रामसेवक यादव ने बहू और कुछ अन्य लोगों पर बेटे की हत्या की साजिश रचने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि संजीव और मनप्रीत के बीच विवाद जरूर था, लेकिन उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। वहीं, बहन किरण ने एक और सवाल उठाया है। उनका दावा है कि संजीव का वजन 100 किलोग्राम से अधिक था। ऐसे में उन्हें पंखे से लटकने की बात संदिग्ध लग रही है। परिवार ने पुलिस से हर पहलू की जांच करने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- दूल्हे ने कहा- “हट बेवकूफ!” दुल्हन ने शादी के तीन मिनट बाद ही दे दिया तलाक, देखता रह गया समाज

कंपनी में हुई थी मुलाकात

जानकारी के मुताबिक, संजीव और अंबाला निवासी मनप्रीत की मुलाकात डेन्सो कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में यह रिश्ता प्यार में बदल गया। अप्रैल 2018 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। साल 2019 में बेटे के जन्म के बाद मनप्रीत ने नौकरी छोड़ दी थी। लेकिन शादी के कुछ साल बाद दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ने की बात सामने आई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर

मामले के जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस वीडियो, घटनास्थल और परिवार के आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।फिलहाल यह साफ नहीं है कि संजीव की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही इस रहस्यमय मौत की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Location :  Gurugram

Published :  2 August 2026, 2:45 PM IST